Last Updated:
Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में महिलाओं पर फब्तियां कसना कुछ मनचलों को भारी पड़ गया. निघासन पुलिस ने लड़कियों पर अश्लील टिप्पणी करने वाले छह युवकों (जिनमें दो नाबालिग हैं) को गिरफ्तार किया और उनकी बीच सड़क पर परेड करा दी. पुलिस ने सभी मनचलों को उसी मोहल्ले में ले जाकर महिलाओं के सामने कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई. इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें मनचले आगे से ऐसी गलती न करने की दुहाई दे रहे हैं. पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
लखीमपुर खीरी में मनचलों को पुलिस ने सबक सिखाया. (स्क्रीनग्रैब)
Lakhimpur Kheri: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में मनचलों को सबक सिखाने के लिए पुलिस ने नायाब तरीका खोज निकाला. महिला कांस्टेबल से अश्लील कॉमेंट आरोप पर पुलिस ने पूरे कॉलोनी में कान पकड़वाकर माफी मंगवाई. जिले के निघासन कस्बे में लड़कियों और महिलाओं पर सरेआम फब्तियां कसने और अश्लील इशारे करने वाले मनचलों की पुलिस ने पूरे मोहल्ले में परेड करा दी.
घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है. पुलिस को सूचना मिली थी कि निघासन के पलिया रोड पर एक स्कूल के पास कुछ लड़के सार्वजनिक रूप से महिलाओं और लड़कियों के साथ अभद्रता कर रहे हैं और अपशब्द बोल रहे हैं. गश्त कर रही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और वहां मौजूद छह मनचलों को धर दबोचा. पुलिस इन सभी मनचलों को पकड़कर उसी मोहल्ले में ले गई, जहां वे महिलाओं को परेशान कर रहे थे. इसके बाद पुलिस ने सभी से महिलाओं के सामने कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई और सरेआम माफी मंगवाई.
अब नहीं करूंगा ऐसी गलती
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी मनचलों को कान पकड़कर सड़क पर चला रहे हैं और उनसे कहलवा रहे हैं, ‘इस बार माफ कर दो, अब दोबारा ऐसी गलती नहीं करूंगा.’ पकड़े गए आरोपियों में दिव्यांश मिश्रा, सौरभ जोशी, रवि मिश्रा और करन जोशी शामिल हैं, जो निघासन के शास्त्री नगर वार्ड नंबर नौ के रहने वाले हैं. इनके साथ दो बाल अपचारियों (नाबालिग) को भी पुलिस ने पकड़ा है.
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कुछ लड़के स्कूल के बाहर लड़कियों और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी कर रहे थे. पुलिस ने सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की है. इन सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस की इस सख्त कार्रवाई की स्थानीय लोग, खासकर महिलाएं, काफी सराहना कर रही हैं.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें

