संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..
— वन विभाग की टीम को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार, वन अधिनियम के तहत केस दर्ज

म्योरपुर वन रेंज के मनबसवा जंगल से कथ्या के पेड़ों का अवैध कटान कर ले जाए जा रहे सात बोटा लदे टेंपो को वन विभाग की टीम ने शुक्रवार रात पकड़ लिया। टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर वन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
रेंजर जबर सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने रात करीब 11 बजे कार्रवाई की। रेंजर के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनबसवा और बगैया नाला के जंगल में रात के समय कथ्या के पेड़ों की कटाई की जा रही है। सूचना के बाद टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की।

निगरानी के दौरान कथ्या के सात बोटा लदा टेंपो दिखाई दिया। वन विभाग की टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। टीम ने टेंपो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
रेंजर जबर सिंह ने बताया कि जब्त टेंपो के खिलाफ वन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। वन विभाग की टीम द्वारा जंगल में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।