संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…..

पिपरी निवासी कांग्रेस के जिला महासचिव दिनेश तिवारी ने एक सरकारी विभाग के कर्मचारी पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने पत्र के माध्यम से पूरे घटनाक्रम से जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है।

दिनेश तिवारी के अनुसार, वह 2 अक्टूबर को अपने आवास मुरलीगढ़ी से तुर्रा चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान साडा कार्यालय की छत पर झंडा लगा हुआ दिखाई दिया। उन्होंने कार्यालय पर लगाए गए झंडे की फोटो खींचने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद एक कर्मचारी ने उन्हें फोटो खींचने से मना करते हुए कथित तौर पर धमकी दी।
कांग्रेस नेता ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा है कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस की तरह विधिवत ध्वजारोहण किया जाता है। उनका आरोप है कि साडा कार्यालय में ध्वजारोहण की बजाय केवल औपचारिकता पूरी करने के उद्देश्य से झंडा लगाया गया था। इसी बात को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई, जिस पर वहां मौजूद कर्मचारी ने उनके साथ कथित तौर पर अभद्रता करते हुए धमकी दी।

दिनेश तिवारी ने मामले को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी से घटना की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
