Last Updated:
UP MLC Election: उत्तर प्रदेश में होने वाले 11 विधान परिषद (MLC) सीटों के चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी (सपा) बड़ा दांव चला है. चुनाव के ऐन वक्त पर अपने दो उम्मीदवार बदल दिए हैं. सपा ने आगरा खंड स्नातक सीट से शशांक यादव की जगह डॉ. आकाश अग्रवाल को मैदान में उतारा है, वहीं गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट पर कमलेश यादव का टिकट काटकर बीजेपी के बागी डॉ. संजयन त्रिपाठी पर भरोसा जताया है. संजयन त्रिपाठी ने बीजेपी से टिकट न मिलने पर 2 अक्टूबर को निर्दलीय नामांकन कर दिया था.
अखिलेश यादव ने एमएलसी चुनाव के लिए दो सीटों पर भाजपा के 2 बागी पर लगाया दांव.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को लेकर राजनीतिक गरमी बढ़ने ल तेज हो गई हैं. समाजवादी पार्टी ने ऐन वक्त पर बड़ा फेरबदल करते हुए दो महत्वपूर्ण सीटों पर अपने प्रत्याशी बदल दिए हैं. सपा हाईकमान ने आगरा खंड स्नातक और गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में नए चेहरों पर दांव खेला है, जिससे चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं.
सपा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आगरा खंड स्नातक सीट से पूर्व में घोषित प्रत्याशी शशांक यादव का टिकट बदलकर अब डॉ. आकाश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं, सबसे ज्यादा हलचल गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट को लेकर है. इस सीट पर पार्टी ने पहले कमलेश यादव को अपना प्रत्याशी बनाया था, लेकिन अब उनका टिकट काटकर डॉ. संजयन त्रिपाठी को चुनावी मैदान में उतार दिया गया है.
BJP से बगावत करने वाले पर सपा का दांव
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर सपा का यह फैसला बेहद रणनीतिक माना जा रहा है. दरअसल, डॉ. संजयन त्रिपाठी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से टिकट की दावेदारी कर रहे थे. हालांकि, बीजेपी ने मौजूदा एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी पर ही दोबारा भरोसा जताते हुए उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया.
टिकट कटने से नाराज संजयन त्रिपाठी ने बगावत का बिगुल फूंक दिया और निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया. उन्होंने 2 अक्टूबर को निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया था. इसके तुरंत बाद सपा ने बड़ा सियासी दांव चलते हुए उन्हें अपना समर्थन और सिंबल देकर पार्टी का आधिकारिक प्रत्याशी बना दिया.
23 को मतदान, 27 को नतीजे
सपा के इस कदम से गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर मुकाबला बेहद कड़ा और दिलचस्प हो गया है. अब यहां ध्रुव कुमार त्रिपाठी और संजयन त्रिपाठी के बीच सीधी और कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी. उत्तर प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें

