मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

यूपीआई ट्रांजेक्शन पर 0.40 प्रतिशत एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) शुल्क लगाए जाने के विरोध में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर बुधवार को सोनभद्र के व्यापारियों ने ‘नो यूपीआई डे’ मनाया।

इस दौरान व्यापारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर ‘नो यूपीआई’ के पोस्टर लगाए और ऑनलाइन भुगतान स्वीकार नहीं किया। ग्राहकों से नगद भुगतान लिया गया।

व्यापारियों ने यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित एमडीआर शुल्क को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए सरकार से इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की।

जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने आंदोलन में भागीदारी करने वाले सभी व्यापारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि व्यापारी देश की आर्थिक प्रगति में लगातार योगदान दे रहे हैं। ऐसे में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देने की आवश्यकता है, न कि उन पर नए शुल्कों का अतिरिक्त बोझ डालने की।

उन्होंने कहा कि एमडीआर शुल्क को वापस लिया जाना चाहिए और सरकार को व्यापारिक समुदाय की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।

राजेश गुप्ता ने कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल सोनभद्र केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय के अनुसार आंदोलन को आगे बढ़ाता रहेगा।
