मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

म्योरपुर ब्लॉक के आदिवासी बाहुल्य बेलहत्थी ग्राम पंचायत में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के जिला अध्यक्ष हरदेवनारायण तिवारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपा। पत्र की प्रति मुख्यमंत्री को भी भेजी गई। जिलाधिकारी ने मामले में संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

हरदेवनारायण तिवारी ने बताया कि जोगीडीह रेलवे स्टेशन के दोनों ओर पक्की सड़क का निर्माण जरूरी है। संगठन के अनुसार पूर्व मध्य रेलवे, धनबाद मंडल के अधिकारियों ने पत्र के माध्यम से बताया है कि सड़क निर्माण के बाद ही रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण संभव होगा। उन्होंने कहा कि आरओबी नहीं होने से करीब 400 छात्र समेत ग्रामीण रेलवे लाइन पार कर आवागमन करते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

इंटक एवं जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बृजेश तिवारी ने कहा कि बेलहत्थी में पेयजल की समस्या गंभीर है। ग्रामीणों को नदी, नाले और चुआंड़ के पानी पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने रेणुका नदी के समीप फिल्ट्रेशन प्लांट स्थापित कर गांव में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।

ग्राम पंचायत अध्यक्ष शिवप्रसाद खरवार ने बिजली, सड़क और पेयजल सुविधाओं के लिए सीएसआर अथवा डीएमएफ से कार्य कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में राम प्रसाद, लक्ष्मण खरवार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
