UP Weather News Live: उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है. आलम यह है कि जगह-जगह पानी भरा हुआ है. इस बीच मौसम विभाग ने 46 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. राहत आयुक्त ने बताया कि 25 सितम्बर से 27 सितम्बर की सुबह तक प्रदेश में 66.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई. जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 7.6 मिमी है. इस प्रकार प्रदेश में वर्षा सामान्य से 775 प्रतिशत अधिक दर्ज की गई. उन्होंने बताया कि प्रदेश के 75 जनपदों में से 56 जनपदों में अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि फर्रूखाबाद में सामान्य से 7385 प्रतिशत, कन्नौज में 5664 प्रतिशत, शाहजहांपुर में 4408 प्रतिशत, हमीरपुर में 4240 प्रतिशत तथा महोबा में 4100 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है. यहां पढ़ें मौसम के पल-पल के अपडेट्स…
लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में बीते दिनों मानसून की मेहरबानी के बाद सोमवार को धूप खिली. हालांकि बीच-बीच में बादल भी आए. लेकिन मौसम साफ ही रहा. मौसम के बदलने से शहर में तापमान में बढ़ोतरी हुई. दिन का पारा 8 डिग्री बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब शहर में मौसम साफ रहेगा. मंगलवार को शहर में मौसम साफ रहेगा. साथ ही दिन का पारा 33 डिग्री और रात का पारा 23 डिग्री तक पहुंच सकता है.
56 जनहानि, 107 पशुहानि एवं 1021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना
राहत आयुक्त ने बताया कि पिछले 60 घंटों में अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान के कारण प्रदेश में 56 जनहानि, 107 पशुहानि तथा 1021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई है. इसके अतिरिक्त 46 व्यक्तियों के घायल होने की सूचना है. जनहानि के मामलों में सीतापुर में 7, लखीमपुर खीरी में 5, बहराइच में 5, बलरामपुर में 5, अयोध्या में 4 तथा गोरखपुर में 4 जनहानि की सूचना प्राप्त हुई है. घायलों में हरदोई में 7, मैनपुरी में 5, श्रावस्ती में 5 तथा बाराबंकी में 5, जबकि सीतापुर एवं लखीमपुर खीरी में 3-3 घायल होने की सूचना है. पशुहानि के मामलों में हरदोई में 28, सीतापुर में 16, कन्नौज में 14, बहराइच में 7, कानपुर देहात में 7 तथा उन्नाव में 6 पशुहानि की सूचना प्राप्त हुई है. मकान क्षति के मामलों में हरदोई में 272, सीतापुर में 108, चंदौली में 75, औरैया में 60, गोंडा में 54, हमीरपुर में 51, शाहजहांपुर में 47 तथा बहराइच में 44 मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना है.
फील्ड में रहकर राहत कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
राहत आयुक्त ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों, अपर जिलाधिकारियों एवं आपदा विशेषज्ञों को फील्ड में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावी निगरानी करने तथा उच्च प्राथमिकता के आधार पर राहत सामग्री एवं सहायता राशि का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को आमजन को मौसम के प्रति सतर्क करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही, जनहानि, घायल व्यक्तियों तथा मकान क्षति के मामलों में नियमानुसार अनुमन्य सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने को कहा.
फसल क्षति का तत्काल आकलन कर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश
राहत आयुक्त ने फसल क्षति का तत्काल सर्वेक्षण एवं आकलन कर नियमानुसार मुआवजा प्रदान करने की कार्यवाही सर्वाेच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक आवास की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए. उन्होंने निर्देश दिए कि जहां आवश्यक हो, पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आवास योजनाओं से लाभान्वित कराने की कार्रवाई की जाए.
