मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा तहसील रॉबर्ट्सगंज के बैनर तले सोमवार शाम करीब 7:30 बजे लेखपालों ने तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। तहसील अध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में लेखपालों ने एसडीएम सदर के स्थानांतरण की मांग उठाई।

तहसील अध्यक्ष ने बताया कि संघ की ओर से एसडीएम को ज्ञापन देने का प्रयास किया गया था। ज्ञापन में लखनपुरवा क्षेत्र के लेखपाल रामचंद्र के खिलाफ उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 24 के तहत फील्ड बुक जमा करने और पथरगढ़ी से जुड़े मामले में की गई विभागीय कार्रवाई को समाप्त करने की मांग की गई है। संघ का कहना है कि फील्ड बुक से संबंधित कार्य राजस्व निरीक्षक स्तर का है, इसलिए लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई पर उन्होंने आपत्ति जताई है।

संघ के अनुसार मामले में आरोप पत्र, जवाब और जांच अधिकारी की आख्या प्रस्तुत की जा चुकी है। इसके बावजूद कार्रवाई समाप्त नहीं होने से लेखपालों में असंतोष है। संघ का दावा है कि इस संबंध मे ज्ञापन देने पर एसडीएम ने उसे लेने से मना कर दिया, जिसके बाद लेखपालों ने धरना शुरू किया।

लेखपालों ने जिला प्रशासन से मामले में कार्रवाई की समीक्षा और एसडीएम सदर के स्थानांतरण की मांग की। संघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर 29 सितंबर से तहसील में होने वाले कार्यों का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही एसडीएम के स्थानांतरण तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।

धरने में तहसील मंत्री साजिद खान वारसी, अभिनव, शैलेंद्र, सुबोध सिंह, पंकज, संजीव, मनीष, रामचंद्र, मुकेश और अभिषेक सहित कई लेखपाल मौजूद रहे।
