संवाददाता@विजय अग्रहरी…..

घोरावल नगर के शिवद्वार रोड पर रविवार देर शाम मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही एक महिला ने सड़क किनारे नवजात को जन्म दे दिया। प्रसव के दौरान नवजात सड़क पर गिर गया, जिससे उसके सिर में मामूली चोट आई। सूचना पर एंबुलेंस से जच्चा-बच्चा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अकेले सड़क से गुजर रही थी। अचानक प्रसव पीड़ा होने पर उसने सड़क किनारे ही बच्चे को जन्म दिया। नवजात के सड़क पर गिरने के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे नगर के अंकित अग्रहरि ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। अंकित और ईशांत अग्रहरि ने जच्चा-बच्चा के लिए कपड़े, दूध, फल और भोजन की व्यवस्था भी की।
स्थानीय लोगों के मुताबिक महिला कुछ महीने से नगर में घूमती देखी जाती रही है। वह कुछ गांवों के नाम बता रही थी, लेकिन स्पष्ट रूप से अपना नाम-पता नहीं बता पा रही थी। बच्चे के जन्म के बाद उसके चेहरे पर ममता और खुशी के भाव दिखाई दिए।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. नरेंद्र सरोज ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों की हालत ठीक है।सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे विसुंधरी गांव में महिला के मायके के परिजनों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद महिला के माता-पिता सीएचसी पहुंचे और अधीक्षक के समक्ष आवश्यक लिखा-पढ़ी की कार्रवाई पूरी करने के बाद जच्चा-बच्चा को अपने साथ ले गए।।