@जे0 के0……
व्यापार संगठन ने रोजगार, पेयजल, लैंड पूलिंग और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर सौंपा ज्ञापन

Sonbhadra। उद्योग बंधु की बैठक मंगलवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों की समीक्षा के साथ औद्योगिक विकास और व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने सोनभद्र में स्टोन, फ्लाई ऐश, एल्युमिनियम और सीमेंट आधारित वैल्यू एडिशन उद्योग स्थापित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जिले से कच्चा माल बड़ी मात्रा में बाहर भेजा जाता है, जबकि स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण होने से रोजगार, उद्योग और जिले की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने नगर में सड़क निर्माण के दौरान रोड स्टड लाइट हट जाने का मुद्दा उठाते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना में बैंक शाखाओं द्वारा लाभार्थियों को अनावश्यक रूप से बार-बार दस्तावेजों के लिए बुलाए जाने और ऋण वितरण में देरी पर भी नाराजगी जताई।

कौशल शर्मा ने मानसून में बढ़ते हेपेटाइटिस संक्रमण का उल्लेख करते हुए नगर में आरओ पाइपलाइन से शीघ्र पेयजल आपूर्ति शुरू कराने तथा खराब पड़े आरओ प्लांटों को चालू कराने की मांग की। उन्होंने लैंड पूलिंग के माध्यम से नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने संबंधी ज्ञापन भी जिलाधिकारी को सौंपा।
बैठक में जिला महामंत्री प्रितपाल सिंह, नगर महामंत्री जसकीरत सिंह, जिला उपाध्यक्ष नागेंद्र मोदनवाल, विनय जायसवाल, नगर मंत्री अभिषेक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।





