Last Updated:
UPESSC : उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रिंसिपल भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है. परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी 2 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है.
UPESSC : प्रिंसिपल भर्ती परीक्षा 24 सितंबर को हुई थी.
प्रयागराज. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने प्रिंसिपल भर्ती (विज्ञापन संख्या-02/2026) की लिखित परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है. आयोग ने अभ्यर्थियों को आंसर-की चेक करने और किसी प्रश्न के उत्तर को लेकर आपत्ति होने पर उसे निर्धारित समय में ऑनलाइन दर्ज कराने का मौका दिया है. अभ्यर्थी 2 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक प्रोविजनल आंसर-की पर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, प्रिंसिपल भर्ती की लिखित परीक्षा 24 सितंबर 2026 को लखनऊ के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी. इस परीक्षा के मास्टर सेट की प्रोविजनल आंसर-की अभ्यर्थियों के अवलोकन के लिए जारी कर दी गई है. अभ्यर्थी इसे उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर देख सकते हैं.
कैसे चेक करें आंसर-की?
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन लिंक के माध्यम से लॉगिन करके अपने प्रश्नपत्र के उत्तरों का मास्टर सेट की प्रोविजनल आंसर-की से मिलान कर लें. इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी. लॉगिन करने के बाद अभ्यर्थी प्रोविजनल आंसर-की देख सकेंगे और किसी उत्तर पर आपत्ति होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे दर्ज करा सकेंगे.
यह आंसर-की उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के आदेश पर जारी की गई है. आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के मुताबिक, यदि किसी अभ्यर्थी को प्रोविजनल आंसर-की में दिए गए किसी उत्तर पर आपत्ति है तो वह निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकता है.
आंसर-की पर ऑब्जेक्शन फीस
आयोग ने प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया है. यानी यदि कोई अभ्यर्थी एक से अधिक प्रश्नों के उत्तर पर आपत्ति दर्ज कराता है, तो उसे प्रत्येक प्रश्न के लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा. आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया और उससे संबंधित दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं.
अभ्यर्थियों को ध्यान रखना होगा कि आपत्ति दर्ज कराने के लिए आयोग की ओर से निर्धारित ऑनलाइन माध्यम का ही इस्तेमाल करना है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन लिंक के अलावा किसी अन्य माध्यम से प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा. इसलिए अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि और समय से पहले अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज करानी होगी.
About the Author

Praveen Singh is an experienced journalist with approximately 10 years of experience in the field of media and journalism. Currently, he is associated with News18 Hindi, where he works on the Education & Ca…
और पढ़ें
