आने वाले दिनों में नमो भारत रैपिड रेल नेटवर्क का विस्तार मेरठ के आगे ऋषिकेश तक होगा। इसका विस्तार गुरुग्राम से अलवर और हरियाणा के सोनीपत-पानीपत तक करने की योजना है। कुल चार राज्य इससे जुड़ेंगे।
आने वाले दिनों में दिल्ली नमो भारत रैपिड रेल के एक बड़े हब के रूप में भी नजर आएगी। दिल्ली का सराय काले खां स्टेशन इस हब का सेंटर होगा। सराय काले खां स्टेशन से मेरठ, अलवर और पानीपत जैसे प्रमुख कॉरिडोर जुड़ेंगे। इतना नहीं नमो भारत रैपिड रेल नेटवर्क को उत्तराखंड, यूपी, हरियाणा और राजस्थान तक विस्तार दिया जा सकता है। इस नेटवर्क के कारण दिल्ली से 4 राज्यों तक की आवाजाही और भी आसान हो जाएगी।
दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर का उत्तराखंड तक विस्तार
हिंदुस्तान टाइम्स ने पीटीआई के हवाले से बताया है कि दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का विस्तार उत्तराखंड तक किया जा सकता है। इस कॉरिडोर को मेरठ के आगे ऋषिकेश तक बढ़ाया जा सकता है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सरकारों और NCRTC के बीच 150 किलोमीटर के विस्तार पर सहमति बन गई है। PTI के अनुसार, दिल्ली में सराय काले खां और मेरठ में मोदीपुरम के बीच मौजूद 82 किलोमीटर लंबे नमो भारत कॉरिडोर को ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला तक 150 किलोमीटर और बढ़ाया जाएगा। हालांकि इसके लिए डीपीआर बाकी है।
दिल्ली-गुरुग्राम कॉरिडोर का अलवर तक विस्तार
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली-गुरुग्राम नमो भारत कॉरिडोर को अलवर तक विस्तार दिया जा सकता है। गुरुग्राम नगर निगम ने इसको लेकर तैयारी तेज कर दी है। हालांकि फाइनल मुहर लगना बाकी है। हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक, नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले नमो भारत कॉरिडोर के निर्माण के लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को अंतिम रूप दे दिया है। इस प्रोजेक्ट में गुरुग्राम, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में इंटीग्रेटेड मेट्रो कनेक्टिविटी भी शामिल होगी।
दिल्ली से पानीपत तक विस्तार
दिल्ली से पानीपत तक नमो भारत दौड़ाने की तैयारी है। दिल्ली-पानीपत नमो भारत कॉरिडोर दिल्ली को हरियाणा के सोनीपत और पानीपत से जोड़ने का काम करेगा। यह 103 किलोमीटर का नेटवर्क होगा जिसमें सराय काले खां, इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, बुराड़ी, मुकरबा चौक, नरेला, कुंडली, केएमपी इंटरचेंज, गनौर, समालखा और पानीपत जैसे स्टेशन शामिल होंगे। इसमें कश्मीरी गेट और इंद्रप्रस्थ पर दिल्ली मेट्रो और बस टर्मिनल का एक हब भी शामिल हैं। इस कॉरिडोर से दिल्ली की कनेक्टिविटी हरियाणा के सोनीपत-पानीपत इंडस्ट्रियल बेल्ट तक हो जाएगी।
नोएडा एयरपोर्ट तक ले जाने की तैयारी
नमो भारत के नेटवर्क को नोएडा एयरपोर्ट तक ले जाने की तैयारी है। पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्तावित 72.44 किलोमीटर लंबे नमो भारत गाजियाबाद-जेवर कॉरिडोर का काम डीपीआर के चरण में है। यह मार्ग गाजियाबाद से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण सिटी से होते हुए जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर समाप्त होगा। इस कॉरिडोर में 12 स्टेशन और दो डिपो होंगे। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में नमो भारत रैपिड रेल नेटवर्क उत्तराखंड, यूपी, हरियाणा और राजस्थान चार राज्यों को जोड़ेगा।







