@जे0 के0….

Sonbhadra वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर डाला क्षेत्र में सड़क के डिवाइडर पर लगाए गए बिजली के पोल महीनों बाद भी आमजन के लिए रोशनी का इंतजाम नहीं कर सके हैं। मस्जिद के पास से निजी कंपनी के गेट तक दर्जनों पोल खाली खड़े हैं, जबकि कई स्थानों पर पोल लगाने का काम अधूरा पड़ा है। इससे रात के समय मार्ग पर अंधेरा बना रहता है और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर पंचायत की ओर से मार्ग के डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना के तहत पोल खड़े किए गए थे। लेकिन पोल लगने के बाद उनमें लाइट नहीं लगाई गई। कुछ स्थानों पर पोल लगाने का काम भी आधा-अधूरा छोड़ दिया गया है। ऐसे में लाखों रुपये खर्च कर लगाए गए पोल फिलहाल शोपीस बने हुए हैं।

लोगों का कहना है कि वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर वाहनों का आवागमन लगातार बना रहता है। ऐसे में सड़क के डिवाइडर पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से रात में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। लोगों ने नगर पंचायत से जल्द से जल्द सभी पोल पर लाइट लगाने और अधूरे कार्य को पूरा कराने की मांग की है।

इस संबंध में डाला नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि बजट कम होने के कारण स्ट्रीट लाइट का कार्य पूरा नहीं हो सका था। अब बजट उपलब्ध हो गया है और मस्जिद की ओर से लाइट लगाने का कार्य पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शेष कार्य भी जल्द पूरा कराया जाएगा, ताकि मार्ग पर लोगों को पर्याप्त रोशनी मिल सके।