Greater Noida Sleeper bus Fire incident Reason: ग्रेटर नोएडा स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा हो गया.चलती स्लीपर बस अचानक आग का गोला बन गई. जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई. जबकि 20 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया. हालांकि इसे लेकर अब नई जानकारी सामने आई है कि बस में ड्राइवर और कंडक्टर धूम्रपान कर रहे थे जिसकी दुर्गंध यात्रियों को आ रही थी.उन्होंने इसकी शिकायत भी की थी. अब यात्रियों के इन सवालों पर भी जांच होगी .
बुधवार की रात बस संख्या BR32PA8647 कश्मीरी गेट नई दिल्ली से महोबा के लिए रवाना हुई. रात के करीब 11 बजे बस थाना जेवर क्षेत्र स्थित 33 कि0मी0 माइलस्टोन के पास पहुंची. तभी उसमें से आग की लपटें निकलने लगीं. ड्राइवर ने बस को रोककर खड़ा किया, तब तक बस पूरी तरह आग से घिर चुकी थी. उसमें से सवारियों के चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं.
देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई और उसके दरवाजे से सवारियां बदहबास होकर कूदने लगीं. इस दौरान आसपास मौजूद लोग भी मदद के लिए आगे बढ़े लेकिन भयंकर लपटों के आगे सब बेबस थे. इस दौरान बस के ड्राइवर और कंडक्टर भी फरार हो गए.
हालांकि सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस के अधिकारी स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. साथ ही रेस्क्यू टेंडर, जेवर टोल पर मौजूद फायर टेंडर, अन्य 04 फायर टेंडर और फायर सर्विस यूनिट के लोग बस के पास पहुंचे और राहत कार्य चालू किया. कुछ ही देर में बस की आग को बुझा दिया गया और करीब 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया .
हालांकि इस दौरान बस के अंदर 9 लोगों की जलने या दम घुटने से मौत हो गई. मरने वालों में महिलाएं भी शामिल हैं.
कैसे लगी बस में आग?
प्रारंभिक जांच से पता लगा है कि एसी बस के एसी में स्पार्क या ब्लास्ट हुआ था जिसके कारण बस के इंजन लुब्रिकेंट ऑयल में आग लग गई. तेल की वजह से आग तेजी से पूरी बस में फैल गई. गहरी नींद में सोए लोगों की जब तक आंख खुलती और वे बस से बाहर निकलते तब तक आग और धुएं की वजह से कई सवारी झुलस गईं या उनका दम घुट गया और उनकी जान चली गई.
मौके से भाग गए ड्राइवर और कंडक्टर
यात्रियों ने बताया कि जैसे ही बस में आग लगी, मौके से ड्राइवर और कंडक्टर दोनों ही भाग खड़े हुए.बस के यात्री ही आपस में मदद कर लोगों को निकाल रहे थे. मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने पहुंचकर मदद की और करीब 20 लोगों को बचाया गया. हालांकि बाद में पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है.
मृतकों की हो रही पहचान
थाना जेवर पुलिस मृतकों की शिनाख्त के प्रयास कर रही है. बस में सवारियों की पूरी डिटेल निकलवाई जा रही है. साथ ही महोबा में भी संपर्क किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जरूरी कार्रवाई की जा रही है
सीएम योगी ने की 2-2 लाख की आर्थिक सहायता का ऐलान
यूपी के मुख्यमंत्री योगी ने इस घटना में मृतकों के परिजनों को 02-02 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.

