BJP Rajya Sabha Election 2026: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर चुनाव की तारीख आ गई है. इसके साथ ही बीजेपी में टिकट को लेकर चर्चा तेज हो गई है. 16 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और उसी दिन शाम को पांच बजे से गिनती शुरू हो जाएगी. खबरों के मुताबिक, पश्चिमी यूपी से संजीव बालियान का नाम आगे चल रहा है. साथ ही, पार्टी 2027 के चुनाव से पहले जाट, गुर्जर, पिछड़ी जातियों और महिलाओं को साधने का पूरा प्लान बना रही है. आइए, सारा हिसाब-किताब आसान भाषा में समझते हैं.
चुनाव आयोग ने यूपी की 10 खाली सीटों के लिए तारीखें जारी कर दी हैं:
- 29 सितंबर: चुनाव की घोषणा (अधिसूचना) होगी.
- 6 अक्टूबर: पर्चा भरने (नामांकन) की आखिरी तारीख है.
- 7 अक्टूबर: पर्चों की जांच होगी.
- 9 अक्टूबर: नाम वापस लेने का आखिरी दिन है.
- 16 अक्टूबर: वोट डाले जाएंगे और शाम 5 बजे से गिनती होगी.
- 19 अक्टूबर: तक चुनाव की पूरी प्रक्रिया खत्म हो जाएगी.
बीजेपी के पास 8 सीटों का गणित
पश्चिमी यूपी से संजीव बालियान का नाम क्यों चल रहा है?
खबरों की मानें तो पश्चिमी यूपी से पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान का नाम चर्चा में है. कही कही संगीत सोम के नाम का भी लोग सोशल मीडिया पर जिक्र कर रहे हैं. जाट नेता के तौर पर संजीव बालियान नाम आगे आने की वजह वहां का सामाजिक ताना-बाना है. 2024 के लोकसभा चुनाव में मुजफ्फरनगर से हारने के बाद भी वे लगातार इलाके की राजनीति में एक्टिव रहे हैं.
रालोद (RLD) पर निर्भरता कम करने की चर्चा
अभी पश्चिमी यूपी में बीजेपी और आरएलडी का गठबंधन है, लेकिन पार्टी यह भी चाहती है कि उसका अपना जाट नेता मजबूत बना रहे. इसी वजह से संजीव बालियान को राज्यसभा भेजने की चर्चा हो रही है, ताकि जाट समाज के बीच बीजेपी की पकड़ और मजबूत हो सके. हालांकि, अभी पार्टी की तरफ से कोई पक्का ऐलान नहीं हुआ है.
जाट के अलावा ठाकुर, गुर्जर और पिछड़ी जातियों (OBC) पर भी नजर
बीजेपी सिर्फ जाट नेता के भरोसे नहीं है. पार्टी पश्चिमी यूपी में गुर्जर और दूसरी पिछड़ी जातियों (OBC) को भी साधना चाहती है. यही नहीं इसलिए टिकट देने में जात-पात और इलाके का पूरा ध्यान रखा जा रहा है. चर्चा यह भी है कि जाट और ओबीसी के अलावा किसी पटेल चेहरे को भी मौका मिल सकता है. आखिरी फैसला पार्टी के बड़े नेता ही करेंगे.
महिलाओं के नाम की भी चर्चा
इस बार चर्चा है कि कुछ महिलाओं को भी मौका मिल सकता है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार:
- अर्चना मिश्रा का नाम ब्राह्मण महिला चेहरे के तौर पर चर्चा में है.
- प्रियंका रावत (पूर्व सांसद) का नाम दलित (SC) महिला चेहरे के तौर पर आ रहा है.
- इसके अलावा स्मृति ईरानी के नाम की भी चर्चा चल रही है.
2027 के चुनाव की तैयारी
यह पूरा चुनाव 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर हो रहा है. बीजेपी का पहले से ही पश्चिमी यूपी की 71 सीटों पर पूरा जोर है. इसलिए राज्यसभा के लिए ऐसे चेहरों को चुना जाएगा जिससे हर समाज और इलाके को साध सकें. अभी संजीव बालियान का नाम चर्चा में जरूर है, लेकिन पक्का कुछ नहीं हुआ है. 29 सितंबर से जब पर्चा भरने का काम शुरू होगा, तब तस्वीर और साफ हो जाएगी. 16 अक्टूबर को दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा.

