@जे0 के0….

Sonbhadra। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत स्थित चहलवा के पास वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर बुधवार भोर करीब तीन बजे तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में पिकअप चालक और खलासी की मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची सुकृत पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप से दोनों को बाहर निकलवाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान पिकअप चालक सद्दाम पुत्र वसीम (32 वर्ष) निवासी ग्राम खतौली, थाना दुद्धी और खलासी रविन्द्र पुत्र अमरजीत (27 वर्ष) निवासी ग्राम कादल, थाना दुद्धी के रूप में हुई है। दोनों पिकअप वाहन संख्या JH 03 AL 6554 से जा रहे थे।
हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भेज दिया। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है।