कानपुर के मॉल में खाद्य विभाग की छापेमारी
कानपुर में मॉल में खाने के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ का मामला सामने आया है. खाद्य विभाग की 38 टीमों ने 52 स्थानों पर छापेमारी की. इस दौरान कहीं बासी खाना मिला तो कहीं वेज और नॉनवेज के लिए एक ही बर्तनों का इस्तेमाल होता पाया गया. जांच में गंदगी और कीड़ों का संक्रमण भी सामने आया है.
सोनभद्र में सड़क हादसा, दो की मौत
सोनभद्र के सुकृत के चहलवा क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसा भोर करीब 3 बजे हुआ. सुकृत पुलिस ने पिकअप चालक समेत दो घायलों को सीएचसी मधुपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान सद्दाम पुत्र वसीम और रविन्द्र पुत्र अमरजीत, निवासी कटौली दुद्धी के रूप में हुई है.
अंबेडकरनगर में कोतवाल, दारोगा सहित पांच निलंबित
अंबेडकरनगर में NEWS18 की खबर का असर हुआ है. बरियावन के बुलडोजर कांड में कोतवाल, दरोगा और दो सिपाहियों समेत पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है. कोतवाल संतोष सिंह के खिलाफ विभागीय जांच बैठाई गई है, जबकि हल्का लेखपाल को भी निलंबित किया गया है. सीओ सिटी नीतीश कुमार को पुलिस कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है. दो दिन पहले आधी रात भूमाफियाओं ने आधा दर्जन से अधिक दुकानों और मकानों पर बुलडोजर चलाया था. मामले का सीसीटीवी फुटेज और कोतवाल को मैनेज करने से जुड़ा कथित ऑडियो भी सामने आया है.
बदायूं में गौ तस्करी के आरोपी का एनकाउंटर
बदायूं के अलापुर थाना पुलिस की गौ तस्करी के आरोपी से मुठभेड़ हुई. पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश जुम्मन को गिरफ्तार किया है. मुठभेड़ के दौरान एक दरोगा घायल हुआ, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी. दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया है. आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस, रस्सी और चाकू बरामद हुआ है. मामला ककराला-कादरचौक रोड का है.
विसर्जन के दौरान डूबे तीन युवक, एक की मिली लाश
लखनऊ के मोहनलालगंज में गणेश मूर्ति विसर्जन के दौरान सई नदी में डूबे तीन युवकों में से धीरज का शव बरामद कर लिया गया है. SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान शव नदी से निकाला. हरीप्रसाद और प्रमोद की तलाश अभी जारी है.
गोंडा में पशु तस्करों के साथ एनकाउंटर
गोंडा के कटरा बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस और SOG की पशु तस्करों से मुठभेड़ हुई. फायरिंग में पशु तस्कर कविउल्लाह के पैर में गोली लगी, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने दो अन्य आरोपियों समीर और सुहेल को भी गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित पशु का मांस, अवैध असलहा, कारतूस और बाइक की डिग्गी से चाकू बरामद हुआ है. मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
कुशीनगर के एक रेस्टोरेंट में भीषण आग
कुशीनगर के पडरौना नगर के रामकोला रोड पर देर रात एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई. आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. रेस्टोरेंट के फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से भी आग बुझाने में सहयोग मिला. पेट्रोल पंप के पास आग लगने से लोग सहम गए. शुरुआती तौर पर किचन में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है.
बहराइच में बदमाशों का पुलिस ने किया एनकाउंटर
बहराइच के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई. पुलिस ने चोरी की बाइक नेपाल में बेचने जा रहे तीन आरोपियों में से एक को गिरफ्तार किया है. दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस की जवाबी फायरिंग में गिरफ्तार बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी. तीनों पर भारतीय क्षेत्र से बाइक चोरी कर नेपाल में बेचने का आरोप है.

