मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर थिरके श्रद्धालु, पुलिस की मुस्तैदी में शांतिपूर्ण हुआ विसर्जन

जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज नगर में एक सप्ताह से चल रहे गणेशोत्सव का सोमवार देर रात गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ समापन हो गया।

विभिन्न स्थानों पर स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं की श्रद्धालुओं ने भव्य शोभायात्रा निकालकर नम आंखों से विदाई दी। इस दौरान पूरा नगर ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष से गूंजता रहा।

उत्तर मोहाल स्थित दुग्धेश्वर मंदिर के समीप, गुरुद्वारे के पास, नई बस्ती रोड समेत अन्य स्थानों पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजे वाहनों पर विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा मेन चौक, धर्मशाला चौक, स्वर्ण जयंती चौक, मेन मार्केट, गुरुद्वारा, महिला थाना सहित नगर के विभिन्न मार्गों से होकर विसर्जन स्थल की ओर रवाना हुई।

ढोल-नगाड़ों और डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर युवा व श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए। जगह-जगह अबीर-गुलाल उड़ाकर लोगों ने उत्सव का आनंद लिया। श्रद्धालु लगातार भगवान गणेश के जयकारे लगाते रहे। विसर्जन के दौरान कई श्रद्धालु भावुक भी नजर आए।

गणेशोत्सव के पूरे सप्ताह नगर में भक्तिमय माहौल बना रहा। पंडालों में प्रतिदिन पूजा-अर्चना और आरती हुई। विसर्जन के साथ श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर गणपति बप्पा के आगमन की कामना की।

शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पर्याप्त पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई, जिसके चलते विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

