PDA रथ यात्रा की बस के भगवा रंग को लेकर यूपी की सियासत गरमा गई है. कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह रंग बदलने में माहिर हैं. राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव अलग-अलग रूप बदलते हैं और आगे लाल टोपी भी बदल देंगे. उन्होंने भगवा रंग को लेकर भी अखिलेश पर तंज कसा और कहा कि वोट लेने के लिए यह सब किया जा रहा है.
सोनभद्र में दो बच्चे डूबे
सोनभद्र जिले में रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के पवर गांव में दर्दनाक हादसा. अमृत सरोवर में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत. सत्या (10) और अंशु बियार (7) गहरे पानी में डूबे. ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल लोढ़ी पहुंचाया. डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित किया, हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम.
संतकबीरनगर में मूर्ति विसर्जन के दौरान बवाल
संतकबीरनगर जिले में गणेश मूर्ति विसर्जन के दौरान बवाल का मामला. सपा सांसद पप्पू निषाद समेत दो समर्थकों पर केस दर्ज. युवक विशाल की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा. SC/ST समेत अन्य धाराओं मे
मुकदमा दर्ज. सांसद की तहरीर पर भी उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज. बखिरा क्षेत्र के अमरडोभा में बीते दो दिन पहले हुई थी घटना.
बुलंदशहर में मां-बेटे को कार ने मारी टक्कर
बुलंदशहर जिले में हाईवे पर जा रहे बाइक सवार मां-बेटे को कार ने मारी टक्कर. हादसे में मां की मौत, गंभीर हालत में बेटे का उपचार जारी. अलीगढ़ के गांव जेहराना में अपनी बीमार मां से मिलकर लौट रही थी मृतक शारदा देवी. हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के गांव परपा निवासी थी 45 वर्षीय शारदा देवी. शव पोस्टमॉर्टम को भेज कार्रवाई में जुटी पुलिस. थाना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे 34 स्थित कैलाश अस्पताल कट पर हुआ हादसा.
अयोध्या पहुंचे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद
अयोध्या जिले के कंदेला गांव में गोलीबारी बमबाजी मामले में गरमाई सियासत. पीड़ित परिवार से मिले नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद. हमले में घायल राम लगन मौर्य की मां पार्वती देवी की भी इलाज के दौरान लखनऊ में मौत, मृतकों की संख्या बढ़ी. चंद्रशेखर आजाद ने पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, कहा धमकियों को गंभीरता से नहीं लिया गया. पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा, सरकारी नौकरी और शस्त्र लाइसेंस देने की मांग. 30 तारीख तक मांगें पूरी न होने पर 1 अक्टूबर से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी. चंद्रशेखर आजाद का दावा 8 नामजद में से 4 आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर, तुरंत गिरफ्तारी की मांग.
एटा में पाइप लाइन बिछाने को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग
एटा जिले में पाइप लाइन बिछाने को लेकर विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग. आधा दर्जन लोगों पर फायरिंग करने का आरोप. 14 वर्षीय किशोर को लगी गोली. किशोर की आंख में धंसी गोली. गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर. ढकपुरा गांव में देर रात करीब 12:30 बजे हुई वारदात. शाम को पाइप लाइन बिछाने को लेकर हुआ था विवाद. 112 पुलिस ने कराया था शांत. रात में हथियारों से लैस होकर पहुंचने और दर्जनों राउंड फायरिंग का आरोप. फायरिंग की आवाज सुनकर घर से बाहर आया था किशोर आशु. गोली लगने से गंभीर घायल किशोर का सैफई में चल रहा उपचार. जैथरा थाना क्षेत्र के ढकपुरा गांव का मामला.
आगरा में स्कूल से गायब रहने वाले शिक्षकों पर गिरेगी गाज
आगरा में स्कूल से गायब रहने वाले 2 शिक्षकों पर गिरेगी गाज. प्रधानाध्यापक रमाकांत और सहायक शिक्षक संजय कुमार सागर पर शिकंजा. जांच में रमाकांत 5 दिन और संजय कुमार सागर 6 दिन गैरहाजिर मिले. ग्रामीणों का आरोप है कि महीने में एक-दो बार स्कूल आकर लगाते हैं सिर्फ हाजिरी. पूर्व के निरीक्षणों में भी दोनों शिक्षक स्कूल से मिले थे नदारद. BSA डॉ राकेश सिंह ने दोनों शिक्षकों को थमाया कारण बताओ नोटिस. 24 सितंबर को साक्ष्यों के साथ व्यक्तिगत रूप से देना होगा जवाब. संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो होगी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई.
लखनऊ में पीड़िता को धमकाने वाला अरेस्ट
लखनऊ में कार के बोनट पर घसीट कर युवती की हत्या के प्रयास के मामले में समझौते का दबाव बनाने, धमकाने का आरोपी मोहम्मद शरीफ गिरफ्तार. पीड़िता के घर जाकर जान से मारने की धमकी देकर मामले में समझौते का दबाव बनाने का आरोप. मुख्य आरोपी शाहनवाज का करीबी दोस्त बताया जाता है शरीफ. गोमती नगर विस्तार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया. एक अन्य फरार आरोपी दानिश की तलाश में लखनऊ पुलिस की दबिश जारी.
कानपुर के जेड स्कवायर मॉल में मारपीट
कानपुर के Z Square Mall में मारपीट की घटना. लिफ्ट में चढ़ने को लेकर हुई मारपीट. कानपुर के Z Square Mall मैं लिफ्ट में चढ़ने को लेकर एक युवक व एक महिल के बीच जमकर मारपीट हो गई. मारपीट के दौरान मॉल में तैनात गार्ड और लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों लोगों को थाने ले आई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
देवरिया में पुलिस ने पकड़े चोर
देवरिया जिले में खुखुंदू पुलिस ने कस्बे से पांच चोरों को किया अरेस्ट. कई इलेक्ट्रॉनिक सामान, उपकरण बरामद. एक ही गांव के रहने वाले हैं सभी चोर.
जालौन में पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा
जालौन जिले में पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया. लखनऊ के रहने वाले नीतिश श्रीवास्तव उर्फ विक्की और आशुतोष मिश्रा को जालौन पुलिस ने गिरफ्तार किया. आरोपियों से 32 बोर की दो अवैध पिस्टल, 12 कारतूस बरामद. लखनऊ नंबर की दो फॉर्च्यूनर भी पुलिस ने कब्ज़े में की. तबीयत बिगड़ने पर आरोपी आशुतोष मिश्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया. नीतीश श्रीवास्तव पर लखनऊ में गैंगरेप का मामला दर्ज है.
अमेठी में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर
अमेठी जिले में तेज रफ्तार दो ट्रकों की आमने-सामने हुई टक्कर. हादसे में दोनों ट्रकों के उड़े परखच्चे. गनीमत रही, दोनों ट्रक चालक सुरक्षित. पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रकों को हटवाकर यातायात कराया बहाल. पीपरपुर थाना क्षेत्र के घोरहा पावर हाउस के पास का मामला.
कानपुर में तेज रफ्तार कार अनयिंत्रित होकर पलटी
तेज रफ्तार कर अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिरी. कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत मरी कंपनी फूल की रेलिंग तोड़कर तेज रफ्तार कार नीचे गिरी. तेज धमाके की आवाज सुन क्षेत्रीय लोग भाग कर मदद के लिए पहुंचे पुलिस को दी गई सूचना. कार मैं ड्राइवर समेत तीन लोग बताए जा रहे हैं सवार. घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती. पुलिस टीम जांच में जुटी.
अलीगंज अग्निकांड में पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट
लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की. बिल्डिंग मलिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, किराएदार रामकृष्ण उपाध्याय , तुशांक कृष्ण जायसवाल, सुरेश साहू के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की. आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में चार्जशीट दाखिल की. एक आरोपी सुरेंद्र शुक्ला को फरार बताया गया. जिसकी तलाश में पुलिस की दबिश जारी है. 22 जून को अलीगंज इलाके में चार मंजिला इमारत में लगी आग से 15 युवाओं की हुई थी मौत. वर्तमान में आरोपी सुरेश कुमार साहू को हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है. वीरेंद्र शुक्ला ,रामकृष्ण उपाध्याय , तुशांक कृष्ण जायसवाल मामले में जेल में बंद है.
गाजियाबाद में स्थानीय लोगों ने मेयर सुनीता दयाल का किया विरोध, लगाए मुर्दाबाद के नारे
गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने मेयर सुनीता दयाल का विरोध किया. इलाके में विकास कार्य नहीं होने से नाराज लोगों ने मेयर के खिलाफ नारेबाजी की. इस दौरान लोगों ने ‘मेयर मुर्दाबाद’ के नारे लगाए. विरोध के चलते मेयर को इलाके से बेरंग लौटना पड़ा. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से जरूरी काम नहीं हो रहे हैं. विरोध का यह पूरा घटनाक्रम अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
कानपुर में रेलवे ट्रैक पर रील बनाने वालों पर होगी कार्रवाई, GRP ने बनाई स्पेशल अलर्ट टीम
सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए रेलवे ट्रैक, चलती ट्रेन और स्टेशन परिसर में खतरनाक तरीके से वीडियो बनाने वालों पर अब कानपुर GRP शिकंजा कसने की तैयारी में है. ‘ऑपरेशन सेफ’ के तहत स्पेशल अलर्ट टीम बनाई गई है, जो रेलवे ट्रैक, स्टेशन और ट्रेनों में निगरानी करेगी. जैसे ही कोई व्यक्ति रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को तोड़कर रील या वीडियो बनाता नजर आएगा, उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी. पुलिसकर्मियों की मौके पर निगरानी के अलावा कंट्रोल रूम से मिलने वाले CCTV फुटेज और अन्य इनपुट के जरिए भी ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी. पहचान होने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी. GRP का मकसद रेलवे परिसर में खतरनाक तरीके से वीडियो और रील बनाने की घटनाओं पर रोक लगाना है.
प्रयागराज में 8 साल के बच्चे से अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने वाले आरोपी को 20 साल की सजा
प्रयागराज में 8 साल के नाबालिग बच्चे से अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने के मामले में स्पेशल पॉक्सो कोर्ट ने आरोपी को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. स्पेशल पॉक्सो कोर्ट के जज पंकज श्रीवास्तव ने आरोपी राजेंद्र बिंद उर्फ जिंदे को दोषी करार देते हुए यह सजा सुनाई. कोर्ट ने आरोपी पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. घटना 29 मई 2023 की है. आरोप के मुताबिक, राजेंद्र बिंद बच्चे को अपने साथ खेत में ले गया था, जहां उसने उसके साथ अप्राकृतिक यौन कृत्य किया. पीड़ित बच्चा आरोपी को दादा कहकर बुलाता था. मामले में बच्चे के पिता, मां, बाल साक्षी और अन्य गवाहों के बयान दर्ज कराए गए. मेडिकल रिपोर्ट में बच्चे के शरीर पर चोट और दर्द की शिकायत का भी जिक्र किया गया था. कोर्ट ने आरोपी के अधिवक्ता और विशेष लोक अभियोजक मनोज कुमार त्रिपाठी के तर्क सुनने और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद फैसला सुनाया. मामला सराय इनायत थाने में दर्ज किया गया था.
प्रयागराज में वकीलों से विवाद के बाद हनुमानगंज चौकी प्रभारी सस्पेंड
प्रयागराज में वकीलों से विवाद के बाद हनुमानगंज चौकी प्रभारी दिनेश सिंह को निलंबित कर दिया गया. शनिवार रात अधिवक्ताओं ने सराय इनायत थाने के सामने जीटी रोड पर चक्का जाम कर धरना दिया था. जानकारी के मुताबिक, जिला कोर्ट के अधिवक्ता आशीष कुमार त्रिपाठी रास्ते को लेकर हुए विवाद के संबंध में थाने पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी हनुमानगंज चौकी प्रभारी दिनेश सिंह से कहासुनी हो गई. इसके बाद अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए थाने के सामने जीटी रोड पर धरना शुरू कर दिया. विवाद की जानकारी मिलने पर एसीपी थरवई अजयेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं को समझाने का प्रयास किया. हालांकि, अधिवक्ता चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. मामला बढ़ने के बाद रात करीब 9 बजे डीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने हनुमानगंज चौकी प्रभारी दिनेश सिंह को सस्पेंड कर दिया.
प्रयागराज में 12 साल पुराने पॉक्सो मामले में चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट
प्रयागराज में 12 साल पुराने पॉक्सो मामले में अदालत ने एक इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है. स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट पंकज श्रीवास्तव की कोर्ट ने गवाही के लिए अदालत में उपस्थित नहीं होने पर यह कार्रवाई की है. कोर्ट ने संबंधित पुलिसकर्मियों के वेतन रोकने के भी निर्देश दिए हैं. अदालत ने सब इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह, सब इंस्पेक्टर नागेंद्र कुमार नगर, सब इंस्पेक्टर रविशंकर पाठक और इंस्पेक्टर अंजनी कुमार सिंह को तलब किया है. मामला धूमनगंज थाने में दर्ज है. इसमें IPC की धारा 363, 366 और 376 के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. मामले की अगली सुनवाई के लिए अदालत ने 30 सितंबर की तारीख तय की है.
बागपत में पुलिस मुठभेड़ में दो चोर घायल, दो तमंचे और बाइक बरामद
बागपत में पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से दो चोर घायल हो गए. पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो तमंचे और एक बाइक बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद जनपद में हुई भैंस चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हुआ है. मुठभेड़ खेकड़ा थाना क्षेत्र के जंगल में हुई. घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.
गाजियाबाद में डंपर की टक्कर से कार में लगी भीषण आग, तीन लोग घायल
गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में डंपिंग ग्राउंड से निकल रहे एक डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई. हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए. कार में आग लगने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला. हादसे की सूचना मिलने पर लोनी से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है. गनीमत रही कि कार में आग लगने के बावजूद तीनों लोगों की जान बच गई.
