Last Updated:
Lucknow Hit and Run Case: लखनऊ हिट एंड रन मामले में पीड़िता ने एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. पीड़िता ने बताया कि मुख्य आरोपी शाहनवाज ने उसे अपना नाम ‘आयुष ठाकुर’ बताकर प्रेम जाल में फंसाया था. सच्चाई पता चलने पर जब उसने विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं. पीड़िता का आरोप है कि शाहनवाज और उसके दोस्त क्लब से लड़कियों को लाकर उनका शोषण करते हैं. वायरल वीडियो को जबरन बनवाया गया करार देते हुए पीड़िता ने सीएम योगी आदित्यनाथ से आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है, ताकि किसी और लड़की की जिंदगी बर्बाद न हो.
जान से मारने की धमकी दे रहा आरोपी शाहनवाज.
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में हुए बहुचर्चित हिट एंड रन मामले में एक नया और बेहद सनसनीखेज मोड़ आ गया है. इस मामले की पीड़िता ने मीडिया के सामने आकर कई खौफनाक खुलासे किए हैं. खुद को बुरी तरह से टूट चुका बताते हुए पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार से ‘बुलडोजर एक्शन’ की गुहार लगाई है. पीड़िता के बयानों ने इस पूरी घटना को सिर्फ एक सड़क हादसे से बदलकर साजिश, पहचान छिपाने और शोषण के एक बड़े अपराध में तब्दील कर दिया है.
एक्सक्लूसिव बातचीत में पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने शुरुआत में अपनी असली पहचान छिपाई थी. शाहनवाज ने उसे अपना नाम ‘आयुष ठाकुर’ बताया था. कई महीनों तक वह धोखे में रही. करीब चार महीने बाद जब इंस्टाग्राम पर ‘नमाज अली’ के नाम से उसकी असली आईडी सामने आई, तब जाकर पीड़िता को सच्चाई का पता चला. पीड़िता के मुताबिक, शाहनवाज न सिर्फ उसे बल्कि कई अन्य लड़कियों को भी इसी तरह धोखा दे रहा था.
क्लब, कार और लड़कियों का शोषण
पीड़िता ने शाहनवाज और उसके दोस्तों के काले कारनामों की पोल खोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. उसने बताया कि शाहनवाज और उसका गुट रोजाना क्लब जाता है. इनका मकसद वहां से नई-नई लड़कियों को अपनी कार में बैठाकर ले जाना होता है. पीड़िता का दावा है कि ये लोग लड़कियों को पार्टी के बहाने होटल ले जाते हैं और उनका शोषण करते हैं. पीड़िता ने कहा, ‘कोई भी दिन ऐसा नहीं जाता, जब ये लोग यह घिनौना काम न करते हों.’
घर आकर दिखाओ, पापा गोली मार देंगे
घटना के दिन और उससे पहले से ही पीड़िता को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. पीड़िता का आरोप है कि शाहनवाज के भाई ने उसे धमकाते हुए कहा था कि “घर आकर तो दिखाओ, मेरे पापा तुम्हें गोली मार देंगे.” इतना ही नहीं, घटना के दौरान कार में मौजूद शाहनवाज के दोस्त दानिश ने भी क्रूरता की सारी हदें पार कर दी थीं. पीड़िता के मुताबिक, दानिश ने ही शीशे में हाथ दबाने को कहा था और उकसाते हुए बोला था कि “मारती है तो मरने दो, देख लेंगे, मार के ही चलो.” पीड़िता ने पुलिस से दानिश को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है.
जबरन बनवाए गए अश्लील वीडियो और बुलडोजर की मांग
वायरल हो रहे वीडियो को लेकर पीड़िता ने कहा कि वे सभी वीडियो इन लोगों ने जबरदस्ती बनवाए थे. पीड़िता ने रोते हुए कहा, ‘इन लोगों ने मुझे इतना इस्तेमाल किया और इतना बदनाम कर दिया है कि मेरा मन कर रहा है कि मैं आत्महत्या कर लूं.’ अंत में पीड़िता ने राज्य सरकार से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जैसे अन्य अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है, वैसे ही इन दरिंदों के खिलाफ भी बुलडोजर एक्शन होना चाहिए ताकि किसी और लड़की के साथ ऐसा न हो.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें

