Last Updated:
उत्तर प्रदेश के ताजनगरी आगरा में ताजमहल के पूर्वी गेट के पास स्थित प्रसिद्ध होटल ताज रिज़ॉर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. धमकी भरे ई-मेल में अगले आठ दिनों के भीतर कभी भी धमाका करने की बात कही गई है. सूचना मिलते ही होटल मालिक ने तुरंत पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद थाना ताजगंज पुलिस और बम स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंच गईं. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे होटल को तुरंत खाली करा लिया गया है और चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली जा रही है, जबकि पुलिस ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी है.
होटल ताज रिसॉर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
आगरा: उत्तर प्रदेश शहर आगरा में बम की धमकी से हड़कंप मच गया. ताजमहल के काफी करीब एक होटल ताज रिसॉर्ट को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए मिली. ये रिसॉर्ट ताजमहल के पूर्वी गेट के पास है. इस धमकी के सामने आते ही न केवल होटल प्रबंधन बल्कि स्थानीय पुलिस प्रशासन, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा महकमे में भारी खलबली मच गई है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, होटल के आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश भेजा गया है. इस मेल में धमकी दी गई है कि होटल को बम से उड़ा दिया जाएगा. सबसे डराने वाली बात यह है कि धमकी भरे संदेश में अगले आठ दिनों के भीतर कभी भी एक बड़ा धमाका करने की बात कही गई है. इस गंभीर और खतरनाक चेतावनी के मिलते ही होटल के प्रबंधकों के होश उड़ गए और उन्होंने बिना कोई देर किए तुरंत इसकी सूचना स्थानीय थाना पुलिस और उच्च अधिकारियों को दी.
होटल कराया गया खाली
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ताजगंज पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई. सुरक्षा के कड़े मानकों और एहतियात के तौर पर पुलिस ने बिना समय गंवाए पूरे होटल को तुरंत खाली करवा लिया. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और डॉग स्क्वायड की टीमों को बुला लिया गया. फिलहाल, पुलिस और बम स्क्वायड की टीमें होटल के कमरे-कमरे और चप्पे-चप्पे की गहनता से तलाशी ले रही हैं.
साइबर सेल और पुलिस कर रही है ईमेल भेजने वाले की तलाश
ताजमहल जैसे अति-संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी जोन के इतने करीब स्थित होटल को इस तरह की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह धमकी भरा ईमेल कहाँ से और किसने भेजा है. साइबर सेल की मदद से आईपी एड्रेस (IP Address) और मेल आईडी को ट्रैक किया जा रहा है. हालांकि, अभी तक की गई जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें

