@जे0 के0…..
— ग्राम प्रधान ने डीएम को पत्र सौंपकर दोबारा मौके की जांच कराने की उठाई मांग

Sonbhadra। विकास खंड चतरा के ग्राम पंचायत पड़री कला में सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण और मुख्यमंत्री IGRS पर फर्जी रिपोर्ट लगाए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान विजय कुमार ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

प्रधान के मुताबिक सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत के बाद राजस्व टीम ने 23 मई 2026 को मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाया था। आरोप है कि उसी रात विपक्षी ने क्षेत्रीय लेखपाल की मिलीभगत से दोबारा अतिक्रमण कर लिया।

प्रधान ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री IGRS पोर्टल पर 1 अप्रैल और 23 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि दोनों शिकायतों में क्षेत्रीय लेखपाल ने एक ही पुरानी फोटो लगाकर मौके पर अतिक्रमण न होने की आख्या भेज दी, जबकि प्रधान के अनुसार अतिक्रमण अब भी मौजूद है।

पत्र में पोखरा, भीटा, सरकारी अन्नपूर्णा भवन, आरआर सेंटर और दुर्गा पूजा मंच की सार्वजनिक भूमि पर टीन शेड लगाकर पशु बांधे जाने का भी आरोप लगाया गया है। इससे गंदगी फैलने और ग्रामीणों को परेशानी होने की बात कही गई है।

ग्राम प्रधान ने डीएम से सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, IGRS शिकायतों के निस्तारण की दोबारा जांच कराने तथा कथित फर्जी आख्या के मामले में संबंधित लेखपाल के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
