मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

जनपद के ग्रामीण, शिक्षित एवं बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से इंडियन बैंक द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), सोनभद्र में 21 सितंबर 2026 से जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर (ब्यूटी पार्लर) का 35 दिवसीय पूर्णतः निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ब्यूटीशियन से संबंधित विभिन्न कार्यों के साथ-साथ स्वरोजगार स्थापित करने की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षणार्थियों को वर्तमान में संचालित उत्तर प्रदेश की बहुचर्चित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के बारे में भी विस्तार से बताया जाएगा। इसके तहत प्रोजेक्ट तैयार करने, ऋण के लिए फॉर्म भरने और स्वरोजगार शुरू करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

आरसेटी सोनभद्र के निदेशक विशाल खन्ना ने बताया कि प्रशिक्षण में जनपद के बीपीएल/SECC-2011 परिवारों के सदस्यों एवं दिव्यांगजनों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बेरोजगार युवक-युवतियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाने की अपील की।

इच्छुक अभ्यर्थी प्रशिक्षण केंद्र लोढ़ी टोल प्लाजा के पश्चिम, लोढ़ी स्थित सरकारी आईटीआई के पास कार्यालय से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। साक्षात्कार के बाद चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
