संवाददाता@बद्री प्रसाद…

घाघर नदी स्थित कसहवा घाट पर आवागमन की बदहाल व्यवस्था से गुरमा क्षेत्र के हजारों ग्रामीण परेशान हैं। उत्तर प्रदेश सीमेंट निगम के समय निर्मित पुराने पुल के ध्वस्तीकरण और बारिश में वैकल्पिक पुलिया बह जाने के बाद करीब 70 वर्ष पुराना जर्जर रास्ता ही आवागमन का सहारा बना हुआ है।

बारिश और नदी के बढ़े जलस्तर के बीच इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, जिला कारागार के कर्मचारियों व मुलाकातियों तथा ग्रामीणों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों के मुताबिक समस्या को लेकर कई बार समाचार प्रकाशित होने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी व जनप्रतिनिधियों से कसहवा घाट का तत्काल चौड़ीकरण, उच्चीकरण और मरम्मत कराकर सुरक्षित आवागमन की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
