संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..

एनटीपीसी सिंगरौली में हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को हिंदी पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ किया गया। 14 से 28 सितंबर तक चलने वाले पखवाड़े का उद्देश्य कार्यालयीन एवं दैनिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना है। इस दौरान कर्मचारियों, गृहिणियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, पत्रकारों, ग्राम प्रधानों और नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य कार्यालयों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और विचार गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी।
परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक ई. प्रभाकर राव ने कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय एकता में हिंदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और राजभाषा संबंधी प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हिंदी केवल कार्यालयीन कामकाज की भाषा नहीं, बल्कि संस्कृति, संवेदना और आत्मीयता की भाषा भी है। इसे दैनिक जीवन, शिक्षा, कार्य-व्यवहार और संवाद में सहज रूप से अपनाने की आवश्यकता है।
पखवाड़े में राजभाषा सामान्य ज्ञान, हिंदी निबंध, कार्यालयीन प्रारूप लेखन, ‘डिजिटल युग में हिंदी’ विषय पर लघु चलचित्र सहित कई प्रतियोगिताएं होंगी। विद्यार्थियों के लिए काव्य पाठ व भाषण, गृहिणियों के लिए निबंध एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित होगी। पत्रकारों व ग्राम प्रधानों के साथ ‘लोकतंत्र, मीडिया और हिंदी’ तथा शिक्षकों के साथ ‘विकसित भारत 2047 एवं हिंदी’ विषय पर विचार गोष्ठी होगी।
28 सितंबर को समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।