ग्रामीण संवाददाता@विष्णु कुशवाहा……

रॉबर्ट्सगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत मानपुर में शाहगंज रजवाहा माइनर के पास छलका के निकट झुका हुआ बिजली का खंभा ग्रामीणों के लिए हादसे का सबब बनता जा रहा है। खंभे की जर्जर और झुकी हुई स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार यह बिजली का खंभा लंबे समय से झुका हुआ है। कई बार विद्युत विभाग को इसकी जानकारी देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीण पप्पू ने बताया कि खंभे की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे आसपास के लोगों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

यह मार्ग गांव का प्रमुख आवागमन मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चे और राहगीर गुजरते हैं। बरसात के मौसम में खतरा और बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज हवा या बारिश के दौरान खंभा कभी भी गिर सकता है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका है।

ग्रामीण रमेश, कमलेश, राजनाथ, बृजभूषण, अंबिका, शैलेंद्र, पप्पू और चंद्रभूषण सहित अन्य लोगों ने विद्युत विभाग एवं जिला प्रशासन से झुके हुए बिजली के खंभे की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ और कोई दुर्घटना हुई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों ने जनहित को देखते हुए अधिकारियों से शीघ्र हस्तक्षेप कर झुके हुए बिजली के खंभे को सुरक्षित कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके।





