मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

कोतवाली रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के चौकी कस्बा स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में रविवार शाम पूजा-अर्चना करने पहुंची एक महिला का सोने का मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार करमा निवासी बबिता पाण्डेय पत्नी अरविंद पाण्डेय, जो वर्तमान में नगर मे राज पैलेस के पास रहती हैं, रविवार शाम रामजानकी मंदिर में पूजा करने गई थीं। इसी दौरान भीड़ के बीच उनके गले से करीब चार भरी का सोने का मंगलसूत्र गायब हो गया। महिला को घटना की जानकारी होने पर उन्होंने परिजनों को बताया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

इधर, घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में भीड़ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। हालांकि, मंदिर में पुलिस ड्यूटी की स्थिति और घटना में शामिल व्यक्ति के संबंध में पुलिस की जांच अभी जारी है। पुलिस द्वारा मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना में शामिल व्यक्ति अथवा अन्य तथ्यों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
