चित्रकूट में भाजपा नेता के प्लाट में अचानक से धमाका हो गया। विस्फोट से एक युवक के चीथड़े उड़ गए। प्लाट में एक पैर मिला है जबकि दूसरा पैर 200 मीटर दूर बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार दो दिन पहले धमाका हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसी धमाके में युवक के चीथड़े उड़े होंगे।
Chitrakoot News: चित्रकूट में कर्वी-राजापुर मुख्य मार्ग के किनारे अशोह गांव के पास भाजपा नेता जगदीश गौतम के खाली पड़े प्लाट में सोमवार को इंसानी कटा पैर मिलने से हड़कंप मच गया। एक पैर प्लाट के अंदर तो दूसरा करीब 200 मीटर दूर पड़ा मिला। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले शाम के वक्त जोरदार धमाके की आवाज सुनाई पड़ी थी। भाजपा नेता को जब इसकी सूचना मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस को मौके पर विस्फोटक सामग्री के अंश बरामद हुए हैं। सूचना पर एसपी, एएसपी समेत कई थानों का पुलिसबल घटनास्थल पर पहुंचा।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि शनिवार शाम करीब सवा पांच बजे यहां जोरदार धमाका हुआ था। इसे लोग ट्रांसफार्मर फटने, आकाशीय बिजली गिरने या जंगली सुअर के शिकार दौरान होने वाला धमाका मान रहे थे। मौके में छानबीन के दौरान स्पष्ट हुआ कि यहां धमाका हुआ है। संभावना है कि कोई व्यक्ति विस्फोटक के साथ हैंडलिंग कर रहा था लेकिन मिस हैंडलिंग की वजह से विस्फोट हो गया और संबंधित व्यक्ति के चीथड़े उड़ गए। टीशर्ट समेत अन्य कपड़ों के टुकड़े भी मिले हैं। प्लाट के अंदर जिस जगह पर धमाका हुआ है, वहां जमीन में करीब डेढ़ फीट गहरा और दो फीट चौड़ा गड्ढा हो गया है। धमाके की वजह से प्लाट की बाउंड्री की ऊपरी सतह में लगी ईंटे भी टूट गई हैं।
भाजपा नेता ने पुलिस को दी सूचना
एसपी ने बताया कि प्लाट के मालिक भाजपा नेता ने केयर टेकर से जानकारी मिलने के बाद रविवार शाम उनको फोन पर अवगत कराया था। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और छानबीन शुरू की गई। अभी तक यह पता नहीं चल पाया कि कटे हुए पैर किसके हैं और धमाके में किसकी जान गई है। इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। बम निरोधक दस्ते को जांच के लिए बुलाया गया है।
चुनावी साल के कारण किसी की हो सकती है साजिश
इस संबंध में प्लाट मालिक क्षेत्रीय संयोजक भाजपा- सहयोग, आपदा राहत एवं सेवाएं विभाग (कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र भाजपा) जगदीश गौतम ने बताया कि बंटाईदार के माध्यम से पहले सूचना मिली कि आकाशीय बिजली गिरी है फिर सूचना मिली कि एक पैर मिला है और उसकी फोटो जब हमारे पास आई तो पुलिस इंस्पेक्टर पहाड़ी को इसके बारे में अवगत कराया और खुद भी मौके पर भी पहुंचे। चुनावी साल होने की वजह से यह साजिश हो सकती है। इसका खुलासा होना चाहिए।ध
