@जे0 के0…..
— पीडीए जन पंचायत में भाजपा सरकार पर जमकर बरसे सपा नेता, बिंद समाज से एकजुट होने की अपील

Sonbhadra। समाजवादी पार्टी की ओर से सोमवार को आयोजित पीडीए जन पंचायत में सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक राजनारायण बिंद ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और भुखमरी बढ़ी है। किसानों की स्थिति भी लगातार खराब हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा पूरा नहीं हुआ और बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीवन मुश्किल कर दिया है।

राजनारायण बिंद ने कहा कि लघु एवं कुटीर उद्योगों के बंद होने से गरीब और मजदूर वर्ग प्रभावित हुआ है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा भी छलावा साबित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए वर्ग का उत्पीड़न बढ़ा है। उन्होंने बिंद समाज से एकजुट होकर गांव-गांव पहुंचने और सपा की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।

सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिंद समाज के हित में सपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों को बंद कर दिया। उन्होंने भाजपा को पीडीए विरोधी बताते हुए कहा कि जनहित में भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है।

सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने सरकारी नौकरियों में पीडीए वर्ग के आरक्षण को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में आयोजित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में आरक्षित पदों को लेकर पीडीए वर्ग के साथ अन्याय हुआ है।

जन पंचायत में सपा नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने और गांव-गांव संगठन खड़ा करने का आह्वान किया।