संवाददाता@उमेश सिंह.…

भारतीय जनता पार्टी के नगर पंचायत अनपरा के सभासद एवं भाजपा नेता पंकज कुमार मौर्य ने ओबरा-शक्तिनगर राज्य मार्ग (एसएच-5ए) संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता को लिखा पत्र उन्होंने मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत, सड़क किनारे की पटरी के सुधार तथा नियमित साफ-सफाई की मांग उठाई है।
अपने शिकायती पत्र में पंकज मौर्य ने कहा है कि ओबरा-शक्तिनगर राज्य मार्ग (एसएच-5ए) संपर्क मार्ग क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जो रीवा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-39) को जोड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, कर्मचारी और भारी वाहन गुजरते हैं, लेकिन लंबे समय से सड़क के किनारों की पटरी जर्जर और गड्ढायुक्त बनी हुई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि सड़क किनारे बनी नालियां भी कई स्थानों पर टूट चुकी हैं, जिसके कारण बरसात के दिनों में पानी का उचित निकास नहीं हो पाता।

परिणामस्वरूप सड़क पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।कई बार वाहन चालक और पैदल राहगीर फिसलकर चोटिल भी हो चुके है।उक्त मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय अंधेरा छाया रहता है।अंधेरे के कारण राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बनी रहती हैं। इसके अलावा नियमित साफ-सफाई के अभाव में मार्ग के आसपास गंदगी का अंबार लगा रहता है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
नपं अनपरा भाजपा के सभासद पंकज मौर्य ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्ग पर शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगाई जाए, क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत कराई जाए, सड़क किनारे की पटरी का सुधार कराया जाए तथा नियमित साफ-सफाई की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान होने से क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर जनहित में आगे की रणनीति बनाई जाएगी। वहीं क्षेत्र के लोगों ने भी सड़क और नाली की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।





