संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम के तत्वावधान में शुक्रवार को “विकसित भारत क्विज-2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 स्वयंसेवकों सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने ऑनलाइन क्विज में प्रश्नों के उत्तर प्रस्तुत कर प्रमाण पत्र भी जेनरेट किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ प्राध्यापिका (आईआरपीएम) डॉ. अपर्णा त्रिपाठी ने की। उन्होंने युवा शक्ति और विकसित भारत के बीच के संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण का प्रमुख स्रोत है। भारत युवाओं का देश है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

मुख्य वक्ता मनोविज्ञान विभाग की प्राध्यापिका डॉ. आनंद प्रिया सिंह ने युवाओं के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने सूचना क्रांति के दौर में सफलता हासिल करने के लिए विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
विशिष्ट अतिथि डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय ने छात्रों के साथ विकसित भारत क्विज की ऑनलाइन प्रक्रिया में अनुभवात्मक सहभागिता की और इसकी बारीकियों से अवगत कराया।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. छोटेलाल प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रभाकर लाल ने किया। इस दौरान डॉ. ओम प्रकाश यादव और डॉ. रजनीकांत ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में उज्ज्वल, नीरज, पंकज, पूनम, खुशबू, प्रभा, दीपांजलि, विवेक, आशुतोष, राहुल सोनी आदि का सहयोग सराहनीय रहा।
