राजधानी लखनऊ में स्पेशल एमएड की छात्रा के अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। खुद को क्राइम ब्रांच पुलिसकर्मी बताने वाले युवक ने पिस्टल दिखाकर छात्रा को कार में अगवा किया और आगरा एक्सप्रेसवे पर पीटा। पेट्रोल पंप पर मौका पाकर छात्रा भाग निकली।

प्रतीकात्मक चित्र
लखनऊ में एमएड की छात्रा के कार से अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। पारा के शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय में स्पेशल एमएड की छात्रा का मोबाइल छीनकर खुद को क्राइम ब्रांच पुलिसकर्मी बताने वाले परिचित युवक ने पिस्टल दिखाकर कार में अपहरण कर लिया। फिर छात्रा को आगरा एक्सप्रेस वे पर कार के अंदर पीटा। पीड़िता के कपड़े फाड़ दिए। पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के दौरान मौका पाकर पीड़ित छात्रा कार से भाग निकली फिर राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। आरोपी कार समेत मौके से फरार है। पीड़ित छात्रा ने आरोपी पर पारा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिसवाला बताकर पिस्टल दिखाकर अपहरण किया
मध्य प्रदेश की छात्रा (25) पारा के शकुंतला विवि में स्पेशल एमएड द्वितीय वर्ष की छात्रा है। पारा इलाके में किराए के मकान में रहती है। छात्रा के अनुसार मंगलवार शाम विश्वविद्यालय से घर लौटी रही थी। तभी करीब छह माह से परिचित और खुद को पुलिसकर्मी बताने वाला हरीश सिंह पीछा करते कार से पहुंचा और उसके कमरे में घुस आया और मोबाइल छीनकर ले गया। फिर दूसरे मोबाइल पर कॉल करके मोबाइल ले जाने के लिए कमरे से बाहर बुलाया। कार के पहुंचते ही आरोपी ने छात्रा को पिस्टल दिखाकर अपहरण कर लिया। कार में बिठाकर आगरा एक्सप्रेस वे से कानपुर के अरौल तक ले गया। रास्मा में मारपीट करते हुए छात्रा के कपड़े भी फाड़ दिए।
पेट्रोल भरवाने के दौरान मौका पाकर भागी छात्रा
कार में पेट्रोल खत्म होने के कारण आरोपी हरीश पंप पर रुका। पंप पर पेट्रोल डलवाने के लिए आरोपी कार से उतरा। इसी बीच पीड़ित छात्रा मौका पाकर फटे कपड़ों में डरी सहमी कार से बाहर निकली और शोर मचाने लगी। तभी आरोपी कार समेत मौके से फरार हो निकला। छात्रा ने यूपी 112 पर पुलिस को सूचना दी।
शादी का झांसा देकर रेप का दर्ज था मुकदमा
छात्रा ने पुलिस को बताया कि पूर्व में अनुज सिंह पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा जनवरी माह में पारा थाने में पीड़िता ने दर्ज कराया था, जिसमे आरोपी अनुज जेल में है। अनुज का ही परिचित आरोपी पुलिसकर्मी हरीश सिंह है। पारा इंस्पेक्टर ने बताया कि सीसीटीवी की जांच की गई है। इस घटना के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।


