छात्र ने पहले पुलिस को बताया कि सफेद शर्ट और जीन्स पहने एक अंकल ने चिप्स का लालच देकर उसे ट्रेन में बैठाया था। बाद में उसने कहा कि वह डर गया था और खुद ही चला गया। बच्चा डरा हुआ है। इस वजह से पुलिस उससे ज्यादा पूछताछ नहीं कर रही है और मां को सुपुर्द कर दी है।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार को चौथी क्लास में पढ़ने वाला एक छात्र स्कूल की छुट्टी के बाद गायब हो गया। जब वह देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग परेशान होकर उसकी तलाश में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी ऐक्टिव हो गई। उधर, लापता होने के करीब 6 घंटे बाद ये बच्चा कुशीनगर के तमकुहीराज में एक ट्रेन में मिल गया। गोरखपुर से छपरा जा रही अमृत भारत ट्रेन में सफर कर रही एक महिला ने छात्र को अकेला देखा तो उसके आई कार्ड पर लिखे नंबर पर मां को फोन कर जानकारी दी। तमकुहीराज पुलिस ने छात्र को ट्रेन से उतार लिया। देर रात गोरखपुर पुलिस उसे लेकर लौटी। छात्र ने अपने लापता होने के बारे में दो कहानियां सुनाईं। उसकी बातें सुन पुलिस भी चौंक गई। अब पुलिस उसकी एक-एक बात की जांच और तस्दीक कर रही है।
शुरुआती पूछताछ में छात्र ने पहले पुलिस को बताया कि सफेद शर्ट और जीन्स पहने एक अंकल ने चिप्स का लालच देकर उसे ट्रेन में बैठाया था। बाद में उसने कहा कि वह डर गया था और खुद ही चला गया। जानकारी के मुताबिक मूल रूप से गोरखपुर के उरुवा कस्बे के रहने छात्र के पिता कतर में काम करते हैं। उनकी पत्नी अपने बेटों के साथ राप्तीनगर में रहती हैं। नौ साल का बेटा सिविल लाइंस के एक प्रतिष्ठित स्कूल में कक्षा चार में पढ़ता है। बुधवार को छुट्टी के बाद करीब 1:40 बजे वह ऑटो से घर जाने के लिए निकला था।
ऑटो ड्राइवर आशीष कुमार जायसवाल के मुताबिक, उसने छात्र को एक स्कूल के सामने बैठाया और एक बच्ची के लिए चिप्स लेने ठेले तक गया। एक-दो मिनट बाद लौटने पर छात्र ऑटो में नहीं था। उसका स्कूल बैग ऑटो में ही मिला। परिवारीजन ने करीब तीन बजे पुलिस को इसकी सूचना दी। कैंट पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम बच्चे की तलाश में जुटी। सिविल लाइंस के पांच स्कूलों और आसपास के प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी खंगाले गए। फुटेज में छात्र करीब दो बजे तक अलग-अलग स्थानों पर दिखाई दिया। शाम करीब सात बजे ट्रेन में महिला ने उसे देखा और सूचना दी। इसके बाद कुशीनगर पुलिस ने उसे उतार लिया था और गोरखपुर पुलिस लेकर लौटी।
क्यों गढ़ी कहानी, जांच कर रही पुलिस
छात्र ने अभी तक पुलिस को यह नहीं बताया है कि उसने क्यों पहले अंकल वाली कहानी क्यों गढ़ी? उम्र कम होने की वजह से बच्चा डरा हुआ है। इस वजह से पुलिस उससे ज्यादा पूछताछ नहीं कर रही है और मां को सुपुर्द कर दी है। पुलिस का कहना है कि उसकी स्थिति सामान्य होने पर उससे इस बात की जानकारी ली जाएगी।
क्या बोले अधिकारी
गोरखपुर के एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि बच्चा कुशीनगर में मिला है। उसने पहले यह बताया था कि किसी युवक ने उसे ट्रेन में बैठाया था, लेकिन बाद में उसने बताया कि वह खुद चला गया था। उसने ऐसा क्यों किया, इसकी जांच की जा रही है।

