@जे0 के0…..

Sonbhadra । शाहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम शीलहटा निवासी 60 वर्षीय महिला प्यारी देवी की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, प्यारी देवी पत्नी हरि को पैर में फ्रैक्चर की शिकायत होने पर उनके परिजनों द्वारा उपचार के लिए उर्मौरा स्थित पंचशील हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक महिला के पैर का ऑपरेशन किया जाना था। इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल प्रशासन द्वारा महिला की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।

मृतका के पुत्र शिव चरन ने आरोप लगाया कि उनकी मां को पैर में मामूली फ्रैक्चर की शिकायत थी और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन गलत उपचार के कारण उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महिला की मृत्यु के बाद परिजनों ने समय पर समुचित उपचार न मिलने तथा चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में बैठकर विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस ने परिजनों से कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। साथ ही यदि परिजन चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हैं तो संबंधित निजी अस्पताल के खिलाफ विधिक कार्रवाई हेतु तहरीर देकर मामला दर्ज करा सकते हैं।
फिलहाल पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।






