Last Updated:
बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त दो अलग-अलग फिल्मों की कमाई का जलवा देखने को मिल रहा है. एक तरफ ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने अपने ओपनिंग वीकेंड के तीसरे दिन ताबड़तोड़ कलेक्शन करते हुए 100 करोड़ के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है. दूसरी ओर, छोटे बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 31वें दिन बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक छलांग लगाई है. रिकॉर्ड तोड़ कमाई के साथ इस मूवी ने आधिकारिक तौर पर भारत में 100 करोड़ क्लब में अपनी जगह पक्की कर ली है.
नई दिल्ली. बॉक्स ऑफिस पर ‘मिर्जापुर द मूवी’ का तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है. महज तीन दिनों में ही फिल्म ने रिकॉर्डतोड़ कमाई कर ली है. पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदुर शर्मा स्टारर फिल्म अब 100 करोड़ क्लब के करीब पहुंच चुकी है. वहीं, विशाल चतुर्वेदी के डायरेक्शन में बनी ‘हनुमान अंश’ की 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर चुकी है. जानिए दोनों फिल्मों ने भारत में अब तक कितना कलेक्शन कर लिया है.
‘मिर्जापुर द मूवी’ ने पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर कब्जा कर लिया और दूसरे दिन भी इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिली. अब इसके तीसरे दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ गए हैं. ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने रविवार को 12.5 फीसदी बढ़त के साथ 36 करोड़ रुपये का बिजनेस किया.
फिल्म ने शुक्रवार को 25 करोड़ की नेट कमाई के साथ इस साल की सबसे बड़ी बॉलीवुड ओपनिंग्स में से एक दर्ज की. इसके बाद शनिवार को फिल्म की कमाई में 25 फीसदी से ज्यादा का उछाल देखा गया और इसने 32 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिससे दो दिनों का कुल कारोबार 57.75 करोड़ तक पहुंच गया.
Add News18 as
Preferred Source on Google
तीसरे दिन की कमाई के साथ ‘मिर्जापुर द मूवी’ का ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन 93.75 करोड़ हो गया है. अब यह फिल्म 100 करोड़ क्लब में शामिल होने से महज कुछ कदम दूर है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि सोमवार को ही फिल्म इस ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर जाएगी. अब देखना है कि एक्शन थ्रिल से भरपूर यह मूवी मंडे टेस्ट में पास हो पाता है कि नहीं.
दूसरी तरफ, नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है. इसकी रिलीज को एक महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन इसका बिजनेस घटने के बजाय दिन-ब-दिन और रफ्तार पकड़ता जा रहा है. 5वें रविवार को इस फिल्म ने कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए सबसे बड़ी कमाई दर्ज की है.
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, 31वें दिन ‘हनुमान अंश’ की कमाई में शनिवार की तुलना में 37.9 फीसदी का जबरदस्त उछाल देखा गया. फिल्म ने 7,077 शोज के जरिए 22.75 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया. इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल कमाई 122.13 करोड़ हो गई है जबकि ग्रोस कलेक्शन 144.40 करोड़ तक पहुंच गया है.
रिलीज के एक महीने बाद इस छोटे बजट की फिल्म ने आखिरकार 100 करोड़ के आंकड़े को आधिकारिक तौर पर पार कर एक नया इतिहास रच दिया है. थिएटर्स में दर्शकों की भीड़ की बात करें तो 5वें रविवार को फिल्म की औसतन ऑक्यूपेंसी 78.82 फीसदी दर्ज की गई. जहां मॉर्निंग शोज में 57 फीसदी दर्शक पहुंचे, वहीं दोपहर वाले शोज में यह आंकड़ा 86.62 फीसदी तक जा पहुंचा. शाम के शोज ने तो रिकॉर्ड ही बना दिया, जहां 92.85 फीसदी की भारी ऑक्यूपेंसी देखने को मिली.
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित है. फिल्म में शोभिनव सत्य ने मुख्य भूमिका निभाई है. उन्होंने लक्ष्मण दास नामक एक वैरागी साधु का किरदार निभाया है, जो आगे चलकर दुनिया के सबसे प्रभावशाली आध्यात्मिक गुरुओं में से एक नीम करोली बाबा के रूप में प्रसिद्ध हुए. इस फिल्म में चंदन आनंद, उदयसिंह राजपूत, पूर्णिमा तिवारी और मनीष चौधरी जैसे सितारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं.

