मेरठ के मवाना में एक युवती और युवक ने घर वालों के विरोध के बीच चुपके से कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद वह हिंदू-रिति रिवाज से शादी करने के लिए मंदिर पहुंच गए, जहां लड़की के घर वालों ने जमकर तोड़फोड़ की।
Meerut Dulha-dulhan News: यूपी के मेरठ जिले की एक युवती और युवक का प्रेम-प्रसंग था। दोनों का प्यार इस कदर बढ़ गया था कि साथ जीने-मरने की कसमें खा ली थीं। लेकिन घर वाले दोनों के इस रिश्ते पर एतराज कर रहे थे। लड़की के घर वालों ने बेटी को लड़के से मिलने से मना कर दिया था। घर वालों के विरोध को लेकर दोनों ने चुपके से कोर्ट मैरिज कर ली और फिर हिंदू-रिति रिवाज से मंदिर में शादी कर ली।
लड़की के घर वालों को जब इसकी जानकारी हुई तो वह भी मंदिर पहुंचे। उस समय लड़का और लड़की फेरे ले रहे थे। दोनों की शादी को देखकर लड़की के घर वालों का पारा चढ़ गया। लड़के और लड़की के घर वालों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते मंदिर में ही हंगामा शुरू कर दिया। लड़की वालों ने मंदिर में ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। हवन-कुंड भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मंदिर में तोड़फोड़ की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस दूल्हा और दुल्हन को पकड़कर थाने ले आई। फिलहाल मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है।
दोनों पहले ही कर चुके थे कोर्ट मैरिज
मोहल्ला तिहाई निवासी युवक और मेरठ के खड़ौली गांव निवासी युवती शुक्रवार को मुन्नालाल मोहल्ले की शिवपुरी कॉलोनी स्थित शिव शक्ति मंदिर पहुंचे थे। मंदिर के पंडित महेश शर्मा के मुताबिक, युवक-युवती ने उन्हें बताया था कि दोनों पहले ही कोर्ट मैरिज कर चुके हैं। इसके बाद हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार मंदिर में विवाह की रस्में कराई जा रही थीं। बताया गया कि विवाह की रस्मों के दौरान युवती के परिजन मंदिर पहुंच गए और शादी का विरोध करने लगे। विरोध के चलते दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि हंगामे के दौरान मंदिर परिसर में रखे हवन कुंड और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया। मंदिर में विवाद बढ़ता देख पंडित महेश शर्मा ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर मौके की स्थिति को संभाला गया और युवक-युवती को अपने साथ मवाना थाने ले जाया गया।
कंकरखेड़ा थाने में दर्ज है युवती की गुमशुदगी
मवाना थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने बताया कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट एक सितंबर को कंकरखेड़ा थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले की जानकारी कंकरखेड़ा पुलिस को दे दी गई है। कंकरखेड़ा पुलिस के मवाना पहुंचने के बाद युवक-युवती को वहां ले जाकर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल मंदिर में विवाह के दौरान हुए विवाद को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। पुलिस दोनों पक्षों से जानकारी जुटाकर पूरे मामले की जांच कर रही है।
