संवाददाता@हनीफ खान…..
— हैंडपम्प खराब, पाइपलाइन नहीं बिछी; एक किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर लोग

स्थानीय विकास खण्ड करमा के ग्राम पंचायत टिकुरिया में करमा थाने से सटे मौजा तथा रेनबो किड्स स्कूल के पास स्थित बस्ती आज भी “हर घर नल-जल योजना” से अछूती है। मुख्य मार्ग सोनभद्र–मीरजापुर के किनारे बसे इस क्षेत्र में अब तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बस्ती में लगा इंडिया मार्का हैंडपम्प कई वर्षों से खराब पड़ा है और केवल शोपीस बनकर रह गया है। बताया जाता है कि इसका रिबोर भी कराया गया, लेकिन वह भी पानी नहीं दे पा रहा है। ऐसे में मजबूरीवश ग्रामीणों को करीब एक किलोमीटर दूर रेलवे क्रॉसिंग के उस पार से पानी लाना पड़ता है।
हैरानी की बात यह है कि बस्ती से कुछ ही दूरी पर जल निगम की पानी की टंकी मौजूद है और गांव के अन्य हिस्सों में नियमित जलापूर्ति भी की जा रही है, लेकिन इस बस्ती तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने पर उन्हें खुद गड्ढा खोदकर पाइप डालने की सलाह दी जाती है, जिसके बाद कनेक्शन देने की बात कही जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के उस पार मदैनिया मोड़ तक हर घर नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाई गई, लेकिन उनकी बस्ती को नजरअंदाज कर दिया गया। कई बार आग्रह करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
समस्या से परेशान ग्रामवासी—आशीष सिंह, विजय सिंह, रमेश पाल, राजेन्द्र यादव, रामसूरत, मीना देवी, शारदा देवी, गीता देवी, सपना देवी, इंद्रावती देवी, बैजू पाल सहित अन्य लोगों ने एकजुट होकर जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है और जल्द से जल्द बस्ती में जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।