मुख्यालय/सोनभद्र.@विशाल टंडन……

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एवं अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के नेतृत्व में, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के साथ संयुक्त रूप से सड़क अनुशासन बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रकों और उनके केबिन पर अवैध रूप से लगाए गए हूटर/लाउडस्पीकर हटवाए गए, जिनके माध्यम से तेज आवाज में अशोभनीय या भद्दे गीत बजाए जा रहे थे।
इस कार्रवाई के तहत कुल 130 हूटर/लाउडस्पीकर को हटवाकर उनका विनष्टिकरण कराया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे उपकरण न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि सड़क पर अन्य चालकों का ध्यान भंग कर दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं।
अभियान के दौरान ट्रक मालिकों और चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे वाहनों में हूटर/लाउडस्पीकर का प्रयोग न करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं अनुशासित ड्राइविंग करें। सोनभद्र पुलिस ने बताया कि ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।