मुख्यालय/सोनभद्र.@विशाल टंडन……

रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत गुरु परासी में बुधवार को नशामुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान संयोजक रामचंद्र मौर्य के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाना है। अभियान के दौरान परासी पाण्डेय और गुरु परासी के विभिन्न स्थानों पर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी गई। साथ ही ग्रामीणों के बीच पंपलेट वितरित किए गए, जिनमें नशे के दुष्परिणामों का उल्लेख था। इस अवसर पर रामचंद्र मौर्य ने कहा कि नशा न केवल शरीर को बर्बाद करता है, बल्कि परिवार को भी संकट में डाल देता है।
उन्होंने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और उज्ज्वल भविष्य बनाने का आह्वान किया। अभियान के अंत में सभी उपस्थित लोगों को नशे से दूरी बनाने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
रामचंद्र मौर्य ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि नशामुक्ति का संदेश हर गांव और घर तक पहुंच सके। इस दौरान कुश जी मौर्या, विनोद, श्यामबिहारी, अंगद, राजेश, पन्ना, मोहित, आनंद, श्यामा सहित कई अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।