डाला/सोनभद्र. @गुड्डू तिवारी……

शुक्रवार की शाम नगर क्षेत्र के नई बस्ती स्थित एक परिसर में पटेल सेवा समिति के बैनर तले लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती जोगेंदर पटेल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम में शामिल अपना दल एस जिलाध्यक्ष अंजनी कुमार पटेल ने उनके जीवनी पर प्रकाश डाला।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह कार्यक्रम का शुभांरभ मुख्य अतिथि अनील सिंह पटेल द्वारा उनके चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर की गई। कार्यक्रम में शामिल सैकड़ों लोगों ने एक कर पुष्प अर्पित कर नमन किया।वक्ताओं ने लौह पुरुष सरदार पटेल के अदम्य साहस, संगठन-शक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रति योगदान को नमन किया।

चौकी प्रभारी आशीष कुमार पटेल ने कहा कि सरदार पटेल ने पूरे भारत को एक धागे में पिरोने का कार्य किया। गृह मंत्री रहते हुए उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा और अखिल भारतीय सेवाओं की नींव रखी, जो आज भी संविधान और शासन व्यवस्था की रीढ़ के रूप में कार्य कर रही हैं। विद्युत अवर अभियंता संजय सिंह पटेल ने कहा कि पटेल सेवा समिति द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है।
आज समाज को ऐसे संगठनों की आवश्यकता है जो राष्ट्रनायकों की विचारधारा को आत्मसात कर एकता, सेवा और समर्पण का संदेश दे।राजवंश चौबे ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 562 रियासतों को एकसूत्र में पिरोकर भारत की अखंडता की नींव रखी। यदि आज हम एक राष्ट्र के रूप में खड़े हैं तो इसका श्रेय उनके लौह-संकल्प और निर्णायक नेतृत्व को जाता है उन्होंने दिखाया कि जब देशहित सर्वोपरि होता है, तब जाति-पांति और क्षेत्रवाद की दीवारें अपने आप ढह जाती हैं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश जैन ने कहा कि सरदार पटेल केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि भारत के वास्तविक शिल्पकार थे। आज देश को फिर उसी विचारधारा की जरूरत है जो सरदार पटेल के समय थी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’। हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए जाति और दल से ऊपर उठकर समाज व राष्ट्र के लिए कार्य करना चाहिए। सरदार पटेल ने हमें यह सिखाया कि सच्ची देशभक्ति केवल शब्दों में नहीं, कर्म में झलकती है।
आयोजकों द्वारा अतिथियों को अंगवस्त्र व फोटो फ्रेमिंग चित्र देकर सम्मानित किया गया संचालन धीरेन्द्र प्रताप सिंह पटेल ने किया। इस दौरान रमाशंकर सिंह पटेल, आजाद भाई पटेल, कल्लू सिंह पटेल, विनय पटेल, दीपक कुमार पटेल, अंशु पटेल, सर्वेश पटेल, राजेश पटेल, विकास पटेल, वरिष्ठ पत्रकार लल्लू निषाद, मनोज तिवारी,सुधीर सिंह,धारे शुक्ला,उत्तम मिश्रा, संतोष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।