रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा…

बुधवार की शाम क्षेत्रीय उप जिलाधिकारी (एसडीएम) दुद्धी निखिल यादव और पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) पिपरी अमित कुमार ने छठ पर्व को लेकर पिपरी नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष दिग्विजय सिंह से आवश्यक जानकारियाँ प्राप्त कीं और घाटों की साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रिहंद बांध के किनारे स्थित डोंगिया नाला छठ घाट, महामाया मंदिर घाट, और अन्य प्रमुख घाटों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने नगर पंचायत के कर्मचारियों से घाटों पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और महिलाओं की सुरक्षा हेतु महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम निखिल यादव ने कहा कि छठ पर्व आस्था और स्वच्छता का पर्व है, इसलिए घाटों की स्वच्छता व सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं सीओ अमित कुमार ने पुलिस बल को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए और जल पुलिस की मदद से घाटों के पास सुरक्षा घेरा मजबूत किया जाए। नगर पंचायत अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से सभी घाटों पर सफाई अभियान, लाइट व्यवस्था, और घाटों के मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
छठ पर्व को लेकर प्रशासन की सक्रियता से लोगों में संतोष का माहौल देखा जा रहा है। अधिकारीगण ने यह भी कहा कि आगामी दिनों में पुनः निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी ताकि पर्व शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्वक संपन्न हो सके। इस दौरान पिपरी थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय भी फोर्स के साथ मौजूद रहेl