संवाददाता@रामबली मिश्रा…
शुरुआत में छह महीने ही मिली जलापूर्ति, मरम्मत के अभाव में प्लांट बना शोपीस; जल निगम और जिला प्रशासन से ग्रामीणों ने लगाई गुहार

उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के दावे म्योरपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत अंजानी के टोला बकरीहवा में खोखले साबित हो रहे हैं। यहां सोलर आधारित पेयजल प्लांट पिछले पांच वर्षों से खराब पड़ा है, जिसके चलते जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।

पानी नहीं मिलने से आसपास के ग्रामीणों सहित प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं को भी पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल प्लांट की मरम्मत कराने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार करीब पांच वर्ष पूर्व रामतलेवर के खेत में सोलर आधारित पेयजल प्लांट स्थापित किया गया था। शुरुआत में लगभग छह महीने तक लोगों को पानी की आपूर्ति हुई, लेकिन तकनीकी खराबी आने के बाद प्लांट बंद हो गया। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण धीरे-धीरे इसके अन्य कल-पुर्जे भी खराब हो गए। ग्रामीणों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से लगाया गया यह प्लांट अब महज शोपीस बनकर रह गया है।

इस प्लांट से रामतलेवर, बहादुर सिंह, बृजेश, सोनमती, रामजीत, अनारकली, अनिल सोनी और छोटू सहित दर्जनों परिवारों को शुद्ध पेयजल मिलता था। इसके अलावा नजदीक में संचालित प्राथमिक विद्यालय बकरीहवा के छात्र-छात्राओं तथा चट्टी-चौराहे के रहवासी भी इसी प्लांट पर निर्भर थे।

ग्रामीणों ने बताया कि शुरुआत में वाटर टैंक खराब होने की स्थिति में प्लांट से मोबाइल चार्ज करने की सुविधा भी मिलती थी, लेकिन देखरेख के अभाव में सभी उपकरण खराब हो गए। अब मोबाइल चार्ज करने की सुविधा भी बंद हो चुकी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने जल निगम सोनभद्र और जिला प्रशासन से खराब पड़े पेयजल प्लांट की शीघ्र मरम्मत कराकर ग्रामीणों तथा स्कूली बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।