ब्यूरो@जे0 के0……
आरक्षी विजय पाण्डेय ने एआई की मदद से तैयार की महिला की वर्तमान उम्र के अनुरूप तस्वीर, डीजीपी ने दिया 5 हजार का पुरस्कार, एसपी ने भी किया सम्मानित

Sonbhadra । आधुनिक तकनीक का सही इस्तेमाल पुलिस की जांच को किस तरह नई दिशा दे सकता है, इसकी मिसाल सोनभद्र पुलिस ने पेश की है। करीब पांच वर्षों से लापता एक महिला को उसकी बचपन की तस्वीर के सहारे राजस्थान से सकुशल बरामद करने में बभनी थाने में तैनात आरक्षी विजय पाण्डेय की अहम भूमिका रही। उन्होंने ChatGPT और Google Gemini जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्लेटफॉर्म की मदद से महिला की बचपन की तस्वीर को उसकी वर्तमान उम्र के अनुरूप तैयार कराया। इस तस्वीर ने महिला की पहचान और बरामदगी का रास्ता आसान कर दिया।

इस उत्कृष्ट कार्य के लिए 20 नवंबर को पुलिस महानिदेशक, लखनऊ की ओर से आरक्षी विजय पाण्डेय को पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये का नकद पुरस्कार देकर उन्हें सम्मानित किया।

मामला बभनी थाना क्षेत्र के जौराही गांव का है। वादिनी किस्मत देवी पत्नी रामपाल खरवार ने 14 जुलाई 2026 को अपनी करीब 30 वर्षीय पुत्री मंजू देवी खरवार के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में मु0अ0सं0-150/2026 के तहत धारा 87 और 137(2) बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पुलिस के अनुसार, महिला करीब पांच वर्ष से लापता थी और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

जांच के दौरान पुलिस को महिला की कोई वर्तमान तस्वीर नहीं मिल सकी। परिजनों और ससुराल पक्ष से भी फोटो प्राप्त नहीं हुई। बाद में संबंधित विद्यालय से वर्ष 2007 में कक्षा चार के छात्रवृत्ति फार्म में लगी महिला की बचपन की तस्वीर मिली। करीब 30 वर्ष की उम्र में उसकी पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी।

ऐसे में आरक्षी विजय पाण्डेय ने महिला की बचपन की तस्वीर के साथ उसके माता-पिता और बहन की तस्वीरों का उपयोग कर ChatGPT और Google Gemini AI की सहायता से संभावित वर्तमान तस्वीर तैयार की। तस्वीर परिजनों को दिखाई गई तो उन्होंने उसे अपनी बेटी मंजू देवी के रूप में पहचान लिया। इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर विजय पाण्डेय 16 अक्टूबर 2026 को राजस्थान के चूरू जिले के हमीरवास थाना क्षेत्र स्थित गोविन्द सिंह का बास गांव पहुंचे और महिला को सकुशल बरामद कर लिया। जानकारी में सामने आया कि महिला वहां अपने पति उमेद्र के साथ रह रही थी और उसके दो बच्चे भी हैं।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण की अहम भूमिका रही।

पुलिस में AI के इस्तेमाल को बढ़ावा; सोनभद्र पुलिस अब आधुनिक तकनीक को पुलिसिंग का हिस्सा बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के पुलिसकर्मियों के लिए ChatGPT और Google Gemini सहित AI प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल पर कार्यशाला आयोजित कर प्रशिक्षण दिया गया है। इसमें जांच और विवेचना के दौरान AI से सहायक जानकारी जुटाने तथा संभावित साक्ष्यों के विश्लेषण की जानकारी दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि AI से प्राप्त जानकारी का तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन करने के बाद ही नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। विजय पाण्डेय की यह उपलब्धि पुलिसिंग में तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल की एक उल्लेखनीय मिसाल बनकर सामने आई है।