मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..विश्व रोगाणुरोधी जागरूकता सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विश्व रोगाणुरोधी जागरूकता सप्ताह के अवसर पर बुधवार को एएसएमसी सोनभद्र के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

18 से 24 नवंबर तक मनाए जा रहे इस सप्ताह की इस वर्ष की थीम ‘वन हेल्थ, वन एक्शन: अभी रोकें AMR’ रखी गई है। कार्यक्रम में लोगों को एंटीबायोटिक दवाओं के सही इस्तेमाल और उनके गलत उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. बृजनंदन सिंह ने बताया कि बिना जरूरत एंटीबायोटिक लेने या दवा का कोर्स अधूरा छोड़ने से बैक्टीरिया दवाओं के प्रति मजबूत हो जाते हैं। इससे सामान्य बीमारियों का इलाज भी मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा कि मानव, पशु और पर्यावरण के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दवाओं का सही इस्तेमाल जरूरी है।

प्राचार्य प्रो. डॉ. आईजेन भट्टाचार्य ने चिकित्सा छात्रों और स्वास्थ्यकर्मियों से एंटीबायोटिक का जिम्मेदारी से उपयोग करने तथा लोगों को जागरूक करने की अपील की। चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. सौमित्र चक्रवर्ती ने अस्पतालों में साफ-सफाई, संक्रमण की रोकथाम और मेडिकल कचरे का सही निस्तारण करने पर जोर दिया।

वहीं डॉ. प्रशांत पांडेय ने हाथों की सफाई को संक्रमण से बचाव का सबसे आसान और प्रभावी तरीका बताया। उन्होंने साबुन-पानी या सैनिटाइजर से नियमित हाथ साफ करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में बताया गया कि बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक नहीं लेनी चाहिए। सर्दी-जुकाम जैसे वायरल संक्रमण में इन दवाओं की जरूरत नहीं होती। डॉक्टर द्वारा बताई गई दवा का पूरा कोर्स करना चाहिए और बची हुई दवाओं का दोबारा इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

इस मौके पर डॉ. सैफाली सिंह, डॉ. भैरव, डॉ. जितेंद्र, डॉ. अंकित, डॉ. राहुल सिंह सहित वरिष्ठ एवं कनिष्ठ चिकित्सक, छात्र-छात्राएं और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एंटीबायोटिक के गलत इस्तेमाल को रोकने और लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। यह अभियान 24 नवंबर तक जारी रहेगा।