@जे0 के0…..
— राबर्ट्सगंज में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भिक्षाटन के सहारे—सरकारी योजनाओं से जोड़ने की जरूरत

Sonbhadra । स्वर्ण जयंती चौक के समीप ओवरब्रिज के नीचे रहने वाले परिवारों की तस्वीरें शहर के विकास के बीच एक गंभीर सवाल खड़ा कर रही हैं। महिलाएं, पुरुष और बच्चे खुले में अस्थायी ठिकाना बनाकर गुजर-बसर कर रहे हैं। रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए परिवार के सदस्य भिक्षाटन पर निर्भर हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शहरी बेघर लोगों के लिए आश्रय, आवास और आजीविका से जुड़ी सरकारी योजनाएं संचालित हैं, तो इन परिवारों तक उनका लाभ क्यों नहीं पहुंच पा रहा है?

केंद्र सरकार की शहरी बेघरों के लिए आश्रय (SUH) व्यवस्था के तहत बेघर लोगों को स्थायी, हर मौसम में रहने योग्य आश्रय के साथ भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और कौशल प्रशिक्षण जैसी सुविधाओं से जोड़ने का प्रावधान है।

वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत पात्र शहरी परिवारों के लिए किफायती आवास का प्रावधान है। उत्तर प्रदेश के आधिकारिक शहरी विकास पोर्टल पर भी शहरी गरीबों और मलिन बस्तियों के विकास सहित कई योजनाएं सूचीबद्ध हैं।

ऐसे में जरूरत है कि नगर निकाय इन परिवारों का सर्वे कराकर उनकी पात्रता की जांच करे और उन्हें आश्रय गृह, राशन, आधार/पहचान संबंधी सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, बच्चों की शिक्षा तथा पात्रता के अनुसार आवास एवं आजीविका योजनाओं से जोड़े।
सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब ओवरब्रिज के नीचे रहने वाला अंतिम जरूरतमंद परिवार भी उनका लाभ उठा सके।
इस संबंध में महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग के प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह भदोरिया से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ है, जिससे कि उनका पक्ष नहीं लिया जा सकता।