Last Updated:
308-Wheeler Truck Location: बेल्जियम से भारत आ रहा 200 टन वाला वॉयलर वेसल 308 चक्कों वाले ट्रक पर लादकर ओडिशा से यूपी के लखीमपुर खीरी ले जाया जा रहा है. अभी ये ट्रक गोरखपुर के तेनुआ टोल प्लाजा को पार कर लिया. लखीमपुर खीरी की चीनी मिल के लिए दो सौ टन वजनी बॉयलर लेकर आ रहा यह मल्टी एक्सल ट्रेलर जैसे ही महाबली टोल प्लाजा और बेलीपार पहुंचा, उसे देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.
बेल्जियम वेसल को लेकर चल रहा बाहुबली ट्रक कहां? (फाइल फोटो)
गोरखपुर: शनिवार को गोरखपुर के लोगों में सुबह से किसी को देखने की उत्सुकता बनी हुई थी. ये उत्सुकता किसी नेता या वीआईपी को देखने के लिए नहीं थी. बल्कि महीनों से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे 308 चक्के वाले वेसल को देखने के लिए दरअसल, शनिवार को दो सौ टन वजनी विशालकाय बॉयलर को लादकर चल रहा 308 पहियों वाला ट्रक तेनुआ टोल प्लाजा पार किया. शनिवार दोपहर जब यह मल्टी एक्सल ट्रेलर महाबली टोल प्लाजा पर पहुंचा, तो पहले से ही सैकड़ों की संख्या में लोग इसे देखने के लिए वहां मौजूद थे. सबी इस पल को रिकॉर्ड कर रहे थे. कोई इसके साथ सेल्फी ले रहा था, तो कोई सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा था.
यह 200 टन वजनी वेसल लादकर आया ट्रक शुक्रवार शाम ही बेलीपार थाना क्षेत्र के पास पहुंच गया था. शनिवार सुबह करीब आठ बजे इसे पुलिस सुरक्षा के कड़े पहरे में बेलीपार से रवाना किया गया. बेलीपार के बाद यह काफिला गीडा थाना क्षेत्र में पहुंचा, जहां स्थानीय पुलिसकर्मियों ने रूट को पूरी तरह खाली कराया. सुरक्षा कारणों से इसे तेनुआ टोल प्लाजा के आगे सड़क किनारे खड़ा कराया गया है, और रविवार को इसके यहां से आगे गंतव्य के लिए रवाना होने की पूरी संभावना है.
पहले से की गई थी खास तैयारियां
इस विशालकाय वाहन के आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारियां कर ली थीं. तेनुआ टोल प्लाजा की एक लेन को पूरी तरह व्यवस्थित किया गया और कमजोर सड़कों को पहले ही ठीक कराया गया. इसके आगे चल रहे पायलट वाहन पूरी मुस्तैदी के साथ इस महाबली ट्रक को रास्ता दिलाने में जुटे रहे.
सौ फीट लंबी है मशीन
बेल्जियम में निर्मित यह भारी-भरकम बॉयलर 308 पहियों वाले ट्रेलर पर लादकर लाया जा रहा है. इस मशीन की ऊंचाई 8 मीटर, चौड़ाई 7 मीटर और लंबाई 100 फीट है. यह मशीन लखीमपुर खीरी स्थित बलरामपुर चीनी मिल्स के तहत बन रहे एशिया के सबसे बड़े शुगर मिल प्लांट में लगाई जानी है. इस अनोखे और विशाल वाहन को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे और इसे अपने कैमरे में कैद किया.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें

