संवाददाता@अनिल अग्रहरी……

विकाश खंड चोपन की ग्राम सभा कोटा के परासपानी टोले में हर घर जल योजना के तहत बनाई गई पानी की टंकी का पंपिंग स्टेशन बारिश के दिनों में ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि गहरे और खाईयुक्त स्थान पर बने पंपिंग स्टेशन में बारिश का गंदा पानी भर जाता है और इसी पानी की सप्लाई घरों तक की जाती है। इससे दूषित पानी के सेवन से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार हर घर जल योजना के तहत कोटा गांव और आसपास के टोलों में अभी तक सभी घरों में पानी की नियमित सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। कई स्थानों पर नल तो लगा दिए गए हैं, लेकिन उनमें पानी नहीं आ रहा है। वहीं परासपानी में पंपिंग स्टेशन की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
इस समस्या को लेकर बारिश शुरू होने से पहले ही 11 जून को परासपानी स्थित पानी टंकी के पास महिला-पुरुष समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेतृत्व में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया था। ग्रामीणों ने समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की थी। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री आरके सिंह अरमो, कोटा के पूर्व प्रधान शिव प्रसाद और पूर्व प्रधान रामचंद्र गोंड सहित ग्रामीणों ने बताया कि पंपिंग स्टेशन का निर्माण काफी गहरे और खाईयुक्त स्थान पर कराया गया है।
बारिश होने पर आसपास का गंदा पानी वहां जमा हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि यही पानी पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक पहुंचता है, जिससे दूषित पानी पीने से लोगों के बीमार होने का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने बताया कि अधिक बारिश होने पर पानी टंकी के आसपास जलभराव के साथ परासपानी संपर्क मार्ग तक पानी पहुंच जाता है। इससे पंचायत भवन जाने वाले मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित होता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पंपिंग स्टेशन की व्यवस्था दुरुस्त कराने, दूषित पानी की सप्लाई रोकने और हर घर जल योजना के तहत नियमित स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।


