संवाददाता@अनिल कुमार अग्रहरी…….

चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा में वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग के किनारे ट्रक से कचरा खाली किए जाने को लेकर बुधवार को राहगीरों और ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। कचरे से उठ रही दुर्गंध से परेशान लोगों ने ट्रक चालक को सड़क किनारे कचरा डालने से रोक दिया। विरोध बढ़ता देख चालक बिना कचरा खाली किए ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार तेलगुड़वा चौराहे से परासपानी की ओर करीब एक किलोमीटर आगे हाईवे के किनारे कचरे से लदा ट्रक खड़ा था। चालक ट्रक से कचरा खाली कर रहा था। इसी दौरान कचरे की तेज दुर्गंध फैलने लगी, जिससे राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों को परेशानी होने लगी। लोग मौके पर पहुंच गए और ट्रक चालक का विरोध करते हुए कचरा खाली करने से मना किया।
विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि हाईवे किनारे कचरा डाले जाने से आसपास का वातावरण प्रदूषित होगा और दुर्गंध के कारण राहगीरों व ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ेगी। इस दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

ट्रक चालक ने लोगों को बताया कि कचरा डाला स्थित अल्ट्राटेक कंपनी द्वारा मंगाया गया था, लेकिन वहां कचरा खाली नहीं हो सका। इसी वजह से वह उसे यहां खाली करने पहुंचा था। हालांकि ग्रामीणों और राहगीरों के विरोध के बाद चालक ने कचरा खाली नहीं किया और ट्रक लेकर वहां से चला गया। ट्रक के जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

