मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन

प्रदेश के राशन कोटेदारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी सौगात दी है। सरकार ने राशन कोटेदारों का लाभांश ₹90 प्रति कुंतल से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल कर दिया है। इससे प्रदेश के करीब 78 हजार राशन कोटेदारों को सीधा लाभ मिलेगा। जनपद सोनभद्र के 786 कोटेदार भी इस निर्णय से लाभान्वित होंगे।

लाभांश वृद्धि की घोषणा के अवसर पर मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों रॉबर्ट्सगंज, ओबरा, दुद्धी और घोरावल में किया गया।

घोरावल तहसील परिसर में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कोटेदार एकत्र हुए और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। लाभांश बढ़ाने की घोषणा होते ही कोटेदारों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विनोद सिंह ने कहा कि कोटेदार लंबे समय से लाभांश बढ़ाने की मांग कर रहे थे। सरकार ने उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए लाभांश में वृद्धि की है तथा आगे अभी और वृद्धि का आश्वासन दिया है।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से कोटेदारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे अधिक उत्साह के साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली का संचालन कर सकेंगे।

इस मौके पर घोरावल ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार यादव, आनंद कुमार मौर्य, पन्नालाल, धीरज सिंह, कैलाश नाथ यादव, अशोक मौर्य, बीनू कुमार, रमाशंकर पटेल, गणपत, काशीनाथ, धर्मेंद्र कुमार यादव, रामबली यादव, अजय यादव, चनरी देवी, सुरेश कुमार, राजेश कुमार, मनोज कुमार समेत बड़ी संख्या में कोटेदार मौजूद रहे।



