संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय…..

नाग पंचमी के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस बार भी चोपन में पारंपरिक विराट दंगल का भव्य आयोजन किया गया। चोपन गांव विस्तारित क्षेत्र के वार्ड नंबर दो में रेलवे फाटक के समीप आयोजित दंगल में सोनभद्र समेत आसपास के कई जिलों से पहुंचे नामचीन पहलवानों ने अपने दांव-पेच और दमखम का प्रदर्शन किया। मुकाबले देखने के लिए करीब पांच से छह हजार दर्शकों की भीड़ उमड़ी।
विराट दंगल के साथ दो किलोमीटर दौड़, लंबी कूद और गद्दा भाजने की प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। 15 से 40 किलो तक के गद्दा भाजने में प्रतिभागियों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान पहलवानों के प्रदर्शन और वजन के अनुसार पुरस्कार राशि घोषित की जाती रही, जिससे अखाड़े का रोमांच बढ़ता रहा।
दंगल का मुख्य आकर्षण महिला पहलवानों की कुश्ती रही। चोपन, ओबरा और आसपास के क्षेत्रों से पहुंची महिला पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक कुश्ती मुकाबले में सलखन के पहलवान बच्चा यादव ने मऊ के सतेंद्र यादव को हराकर सात हजार रुपये का पुरस्कार जीता। महिला कुश्ती में वंदना मौर्य ने सुमन को हराकर तीन हजार रुपये का नकद पुरस्कार अपने नाम किया।

दौड़ के बालक वर्ग में मुकेश यादव प्रथम, रामप्रवेश विश्वकर्मा द्वितीय और आकाश तृतीय रहे। बालिका वर्ग में खुशबू पाल प्रथम, वंदना द्वितीय और सुमन तृतीय रहीं। लंबी कूद में नैतिक पांडेय प्रथम, कृष्णा द्वितीय और आदित्य तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ चोपन नगर अध्यक्ष उस्मान अली, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव और जिला पंचायत सदस्य सुनील गौड़ समेत अन्य अतिथियों ने फीता काटकर किया। मुख्य आयोजक पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सतीश यादव और पत्रकार संघ अध्यक्ष एवं पत्रकार मनोज चौबे रहे। संचालन भी दोनों ने किया। स्कोरर की भूमिका रोशन राउत ने निभाई, जबकि हरिकेश यादव और गणेश यादव ने रेफरी की भूमिका निभाई।

रुक-रुककर हुई बारिश के बावजूद पहलवानों और दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों एवं गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ट्रक एसोसिएशन के मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र जायसवाल, दीपू सिंह, कस्बा इंचार्ज मनोज सिंह, क्षेत्रीय पत्रकार, सपा-भाजपा नेताओं समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे। नाग पंचमी पर आयोजित इस दंगल ने चोपन की पारंपरिक कुश्ती संस्कृति को जीवंत करने के साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया।

